गाजियाबाद : पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या, दूसरा बेटा गंभीर घायल, जाम-हंगामा

गाजियाबाद। जिले में शनिवार को बड़ी वारदात हो गई। यहां पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जबकि दूसरा बेटा गंभीर हालत में जिला अस्पताल में मौत से जूझ रहा है। मामला मोदीनगर के खिदोड़ा गांव का है। दूसरे पक्ष के लोगों से पिता-पुत्रों का बाग में पानी लगाने को लेकर विवाद हुआ था।
चूंकि घटनाक्रम दो समुदायों के बीच हुआ है, ऐसे में पूरे इलाके में तनाव का माहौल कायम है। आक्रोशित भीड़ ने मोदीनगर-धोलड़ी मार्ग पर लोगों ने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसीपी का घेराव कर लोग आरोपियों का एनकाउंटर करने की मांग भी की गई है।
खिदोडा में रहने वाले वेद प्रकाश त्यागी का गांव में ही बाग है। मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के धोलड़ी के रहने वाले पप्पू (60) ने वेद प्रकाश से बाग ठेके पर ले रखी है। शुक्रवार रात 8 बजे पप्पू अपने बाग में रजवाहे से पानी लगा रहे थे। इसका उनके पड़ोसी बाग के दीपक त्यागी, सुधीर त्यागी, गुड्डु त्यागी ने विरोध किया। ये लोग पानी अपने बाग में लगाना चाहते थे। इसी को लेकर विवाद हुआ। मामला बढ़ा तो खुद वेद प्रकाश मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दीपक और पप्पू के पक्ष को समझा-बुझाकर मामला सुलझा लिया। बताया जा रहा है कि रात 11 बजे के आसपास पप्पू अपने बेटों राजा (25) और चांद (23) के साथ बाइक से गांव धोलडी से बाग में जा रहे थे। जब वह नहर वाले मार्ग पर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद लोगों ने तीनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब 15 राउंड फायरिंग की गई।
तीनों को मृत जानकर भागे हमलावर
आरोपियों ने गोली मारने के बाद पप्पू को रजवाहे में फेंक दिया। राजा और चांद को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंका। फिर आरोपी फरार हो गए। सुबह 8 बजे राहगीरों ने राजा और चांद को झाड़ियों में पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया। राजा की मौत हो चुकी थी, जबकि चांद की सांसें चल रही थीं। उसे तत्काल मेरठ के अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक है। वहीं, 100 मीटर दूर पप्पू का शव रजवाहे में मिला। डबल मर्डर से गांव आक्रोश है। लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस लोगों को शांत कराने के साथ जांच में जुटी है। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम सबूत जुटा रही है। आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। 60 वर्षीय पप्पू के 12 बच्चे हैं। 6 लड़की और 6 लड़के। पप्पू अपने दो बड़े बेटों राजा और चांद के साथ पशुओं का व्यापार करता है। आम के सीजन में बाग ठेके पर लेता था। दीपक त्यागी के खिलाफ मोदीनगर थाना क्षेत्र में हत्या, मारपीट और लूट के 8 मामले दर्ज हैं। आरोपी दीपक और उसके साथी वारदात के बाद फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगी है।
जल्द होगी गिरफ्तारी
एडिशनल पुलिस कमिश्नर दिनेश कुमार पी ने बताया कि शुक्रवार रात ग्रामीणों का पानी को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है। एक हालत गंभीर है। उसका इलाज मेरठ में चल रहा है। मौके फोर्स तैनात है। पुलिस अधिकारी भीड़ को समझाने का प्रयास में लगे हैं। मामले की जांच चल रही है।
Exit mobile version