मोदी को धमकाने वाले इमरान मसूद की कांग्रेस में घर वापसी

सहारनपुर। पूर्व विधायक इमरान मसूद ने एक बार फिर कांग्रेस का दामन थामा है। कांग्रेस से तकरीबन डेढ़ साल पहले निकाले जाने के बाद वह सपा और बसपा में भी रहे। जबकि शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर पार्टी ज्वॉइन कर ली। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अक्षय राय की मौजूदगी में इमरान मसूद ने पार्टी ज्चाइन की।

इमरान मसूद ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा के बाद पूरे देश में परिवर्तन का एक माहौल बना है। इसका असर हिमाचल और कर्नाटक के चुनाव में दिखाई दिया। मैंने दूसरी पार्टी में रहते हुए भी यह कहा था कि राहुल गांधी देश की राजनीति में परिवर्तन लाने का कार्य करेंगे। आज कांग्रेस में शामिल होने पर मैं हृदय की गहराई से धन्यवाद करता हूं। पूर्व विधायक ने कहा कि मैंने सहारनपुर की जनता से यह पूछा था कि आपने जो मेरा पेंडूलम बना दिया है, अब ये भी आप ही बताएं कि मैं क्या करूं। अब आप कह रहे हो कि मैं कांग्रेस में चला जाऊं। मैंने उनसे वादा लिया कि अब मेरे साथ आप कोई जुल्म न करना और अब मैं मानूंगा नहीं, मैं कांग्रेस में चला तो जाऊंगा लेकिन कब्र तक कांग्रेस में ही रहूंगा। उन्होंने कहा कि मैं पहले भी कांग्रेस छोड़ना नहीं चाहता था। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का जो स्नेह मेरे प्रति रहा मैं उसका सदैव ऋणी रहूंगा। अब जो भी आगामी कार्यक्रम होंगे वह पार्टी की नीति के अनुसार किए जाएंगे। प्रयास रहेगा कि सहारनपुर में पार्टी के बैनर तले बड़े स्तर पर जल्द रैली का आयोजन किया जाए।

2024 में आएगा बदलाव
इमरान मसूद ने हाल ही में मुजफ्फरनगर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि अब मुसलमानों को एकजुट होकर कांग्रेस का समर्थन करना चाहिए। मुसलमानों के लिए कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। कांग्रेस नेता अब्बास अली खां के आवास पर इमरान मसूद ने कहा कि वर्तमान समय दो विचारधाराओं का रह गया है। एक विकल्प कांग्रेस के साथ है और दूसरा विकल्प भाजपा के साथ है।उन्होंने कहा कि मुसलमान, दलित और ब्राह्मण कांग्रेस के परंपरागत मतदाता रहे हैं। यदि मुसलमान कांग्रेस में वापस लौट आए तो ब्राह्मण, दलित और अन्य पिछड़ा वर्ग भी कांग्रेस में लौट आएगा। अब देश में बदलाव का दौर है और 2024 के चुनाव में बदलाव होना तय है।

मोदी को दी थी धमकी
इमरान मसूद साल 2014 में सहारनपुर से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी थे। इस दौरान उन्होंने नरेंद्र मोदी की बोटी-बोटी कर देने की धमकी दी थी। यह भी कहा था कि गुजरात में चार फीसदी मुसलमान हैं लेकिन यूपी में 42 फीसदी हैं। हम जान से मार देंगे।

Exit mobile version