Asian Games 2023: भारत ने लगाया मेडल का शतक, पीएम मोदी ने दी बधाई

2023 एशियाई खेलों के 14वें दिन भारत ने इतिहास रच दिया। शनिवार 7 अक्टूबर 2023 को भारत की पदक संख्या 100 हो गई। महिला कबड्डी टीम ने देश के लिए ऐतिहासिक 100वां पदक जीता, जो कि स्वर्ण पदक है।

एशियन गेम्स 2023 के 14वें दिन भारत ने मेडल्स का शतक पूरा कर लिया है। सुबह-सुबह तीरंदाजी में अदिति गोपीचंद ने वुमेंस कंपाउंड इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता, तो वहीं ज्योति सुरेखा ने गोल्ड पर कब्जा जमाया। इसके बाद मेंस कंपाउंड इवेंट के फाइनल में ओजस और अभिषेक ने क्रमश: गोल्ड और सिल्वर अपने नाम किए। इसके बाद वुमेंस कबड्डी में भारत ने चीनी ताइपे को हराते हुए गोल्ड पर कब्जा जमाया। इसी के साथ भारत के एशियन गेम्स में 100 मेडल पूरे हो गए हैं।

भारत के पुरुष क्रिकेट की बात करें तो भारत ने सेमीफाइनल मैच में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। अब वहां उनका मुकाबला अफगानिस्तान के साथ होगा। इस वजह से पुरुष क्रिकेट में भी भारत का एक मेडल तो पक्का हो ही गया है वहीं अगर ऋतुराज गायकवाड़ की नेतृत्व वाली टीम अफगानिस्तान को फाइनल में हरा देती है तो भारत को एक और गोल्ड मेडल मिल जाएगा। इससे पहले महिला क्रिकेट में भारत ने हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में पहले ही स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है।

पिछली बार कितने मेडल मिले थे?
भारत ने पिछली बार जकार्ता में 70 पदक जीते थे, जिसमें 16 स्वर्ण, 23 रजत और 31 कांस्य थे। इस बार निशानेबाजों ने 22 और एथलेटिक्स में 29 पदक आए हैं, जिससे भारत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सका। भारतीय दल ने कई अप्रत्याशित पदक भी जीते, जिसमें महिला टेबल टेनिस टीम का कांस्य (सुतीर्था मुखर्जी और अहिका मुखर्जी) शामिल है। पारूल चौधरी ने महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में आखिरी 30 मीटर में कमाल करके स्वर्ण जीत लिया। भालाफेंक में ओलिंपिक और विश्व चैम्पियन नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण और किशोर जेना ने रजत पदक जीता। केनोइंग में अर्जुन सिंह और सुनील सिंह ने ऐतिहासिक कांस्य जीता जबकि 35 किमी पैदलचाल में रामबाबू और मंजू रानी को भी कांसा मिला।

पीएम मोदी ने दी बधाई
एशियाई खेलों में भारत के सौ पदक पूरे होने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वह भारतीय दल का 10 अक्टूबर को स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया ,‘‘ हर अद्भुत प्रदर्शन ने इतिहास रचा और हमारा ह्रदय गर्व से भर दिया। मैं दस अक्टूबर को हमारे एशियाई खेलों के दल का स्वागत करूंगा और खिलाड़ियों से बात करूंगा।’’ उन्होंने कहा कि भारत के लोग रोमांचित हैं कि हमने 100 पदकों की उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कहा ,‘‘ एशियाई खेलों में भारत के लिये महत्वपूर्ण उपलब्धि। मैं हमारे शानदार खिलाड़ियों को बधाई देता हूं जिनके प्रयासों से भारत ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।’’

Exit mobile version