डॉन छोटा राजन के बर्थडे पर लगे बधाई के पोस्टर, 6 गिरफ्तार

मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई के मलाड इलाके में गैंगस्टर छोटा राजन के जन्मदिन पर बधाई वाले पोस्टर लगाए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।

मलाड में 14 और 15 जनवरी को कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन होना था। इस कार्यक्रम को लेकर जो पोस्टर्स लगाए गए, उनमें छोटा राजन की बड़ी सी तस्वीर प्रिंट थी। पोस्टर पर यह साफ शब्दों में लिखा था कि छोटा राजन के जन्मदिन पर कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। मुंबई पुलिस ने इस मामले में जिन 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें कबड्डी प्रतियोगिता का मुख्य आयोजक भी शामिल है। शहर में ये पोस्टर माफिया डॉन छोटा राजन को बधाई देने के मकसद से लगाए गए थे। मुंबई पुलिस ने कई इलाकों में लगाए गए इन विवादित पोस्टर्स को हटा दिया है।

इसके अलावा छोटा राजन के साथियों ने चेंबूर इलाके में भी उसका बर्थडे मनाते हुए केक काटा है। केक पर खासतौर पर बिग बॉस लिखा गया था। हालांकि, हैरत की बात यह है कि मुंबई के चेंबूर इलाके में जिस व्यक्ति ने छोटा राजन का जन्मदिन मनाया। वह कोई और नहीं बल्कि उद्धव ठाकरे गुट का एक पदाधिकारी है। उसे उद्धव गुट की तरफ से नवी मुंबई का संपर्क प्रमुख बनाया गया है। छोटा राजन के इस शागिर्द का नाम नीलेश पराड़कर है। निलेश पराड़कर छोटा राजन के साथ कई मामलों में से आरोपी भी रहा है। छोटा राजन का 13 जनवरी को जन्मदिन था।

इससे पहले भी लगे हैं छोटा राजन के पोस्टर
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब डॉन छोटा राजन के जन्मदिन पर मुंबई में पोस्टर लगाए गए हों। इससे पहले 2020 में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। उस समय माफिया राजन के बर्थडे पर मुंबई के ठाणे इलाके में बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगाए गए थे, जिसे लेकर भारी हंगामा मचा था। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके बावजूद इस तरह की हरकत एक बार फिर से सामने आई है। 

2015 में बाली से गिरफ्तार हुआ छोटा राजन
मालूम हो कि अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को 2015 में इंडोनेशिया के बाली से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे भारत वापस भेज दिया गया। तब से वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। 2018 में राजन को 2011 में पत्रकार जे डे की हत्या का दोषी पाया गया था। इस केस में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। वह कई अन्य मुकदमे का सामना कर रहा है।

Exit mobile version