मायके वालों को बुलाकर पति की हत्या कराई, महिला समेत पांच गिरफ्तार

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक महिला ने अपने भाइयों से पति को इतना पिटवाया कि उसकी मौत हो गई। वजह थी कि पति की बहन की शादी थी और वह उसे एलईडी समेत सोने की अंगूठी देना चाहता था। जबकि महिला इसका विरोध कर रही थी। पुलिस ने हमलावरों को कस्टडी में ले लिया है। पूरा घटनाक्रम शादी के बीच हुआ। वहीं अब तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखने की बात पुलिस कह रही है।
पूरा मामला बड्डूपुर थाना के सहरी मजरे झरसावा गांव का है। यहां के रहने वाले चंद्र प्रकाश मिश्र की बहन पूजा की शादी 26 अप्रैल को होनी है। शादी की तैयारियों में चंद्र प्रकाश लगा हुआ था। घरवालों के साथ शादी के सामान की खरीदारी कर रहा था। शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। मंगलवार से शादी की रस्में भी शुरू हो गई थीं। रिश्तेदार आना भी शुरू हो गए थे। चंद्र प्रकाश बहन को एलईडी टीवी समेत बहनोई को सोने की अंगूठी देना चाहता था। इसका उसकी पत्नी क्षमा विरोध कर रही थी। इस बात को लेकर कुछ दिनों से पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम को घर में मंडप कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान भी चंद्र प्रकाश ने बहन को टीवी और अंगूठी देने की बात दोहराई। इस बात पर पत्नी भड़क गई और उसने मायके से भाइयों को बुला लिया। थोड़ी देर बाद क्षमा का भाई 5-6 दोस्तों के साथ चंद्र प्रकाश के घर पहुंचा। कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आवाज सुनकर हम लोग पहुंच गए। दोनों को समझाना शुरू किया। इसी बीच चंद्र प्रकाश के घरवालों ने कहा- यह हमारे घर का मामला है। इसमें किसी और हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सिर पर किए लाठी से प्रहार
क्षमा इस बात पर और गुस्सा हो गई। चंद्र प्रकाश को पीटने की धमकी देने लगी। यह सुनकर चंद्र प्रकाश भड़क गया। इसी बीच क्षमा के भाई उसे लाठी-डंडों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। मंडप में ही उसको बुरी तरह से पीटा। चंद्र प्रकाश बेहोश हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आ गई। घरवालों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो चंद्र प्रकाश बेहोशी की हालत में पड़ा था। पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
पत्नी समेत पांच गिरफ्तार
सीओ फतेहपुर डॉ. बीनू सिंह ने बताया मृतक के साले और पत्नी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही समुचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
Exit mobile version