कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे फारूक अब्दुल्ला

श्रीनगर। नेशनल कांफ्रेंस के प्रधान और पूर्व मुख्यमंत्री डा. फारूक अब्दुल्ला जम्मू कश्मीर में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना समय की मांग है।

डॉ. फारूक ने सभी दलों से विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष तेज करने को कहा। उन्होंने सार्वजनिक चिंता के महत्वपूर्ण मुद्दों पर लोगों की आवाज उठाने और वर्तमान सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ खड़े होने के लिए राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के बीच समझ को बढ़ावा देने के लिए सर्वदलीय संयुक्त मोर्चा के प्रयासों की सराहना की। 

उन्होंने मोर्चा नेताओं से कहा, जम्मू कश्मीर राज्य का दर्जा और अन्य अधिकारों की बहाली, राज्य विधानसभा चुनाव करवाने के साथ सरकार की विफलताओं को उजागर करने के लिए लामबंद हों। उन्होंने प्रमुख विपक्षी दलों के संयुक्त सम्मेलन का सुझाव दिया। करीब एक घंटे तक इस बैठक में अन्य कई महत्वपूर्ण विषयों और जनसरोकार के मुद्दों पर चर्चा हुई। इससे पहले मोर्चा के सदस्यों ने जेकेपीसीसी अध्यक्ष विकार रसूल से भी मुलाकात की थी।

फारूक ने कहा कि समय की जरूरत है कि विपक्ष एकजुट होकर सांप्रदायिक ताकतों का मुकाबला करे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा जैसे ही जम्मू कश्मीर पहुंचेगी तो वह इसमें शामिल होंगे। हमें मिल कर सामाजिक व धार्मिक भाईचारे को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि मोर्चा को सरकार की जन विरोधी नीतियों व लोगों के हितों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहिए।

जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करवाने, भूमि व नौकरियों के अधिकार सुरक्षित करने, जल्द विधानसभा चुनाव करवाने के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए। मोर्चा नेताओं ने सुझाव दिया कि आने वाले समय में सभी विपक्षी पार्टियों को सम्मेलन करवाना चाहिए।

Exit mobile version