नोएडा का गालीबाज श्रीकांत त्यागी गिरफ्तार, मेरठ से पुलिस ने 3 लोगों के साथ दबोचा

नोएडा/मेरठ। नोएडा की सोसाइटी में महिला के साथ गालीगलौच और अभद्रता का आरोपी श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे मेरठ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चार दिनों से फरार चल रहे त्यागी को 3 लोगों के साथ धर दबोचा है। 25 हजार के इनामी त्यागी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों के साथ ही एसटीएफ को भी लगाया गया था।

नोएडा सेक्टर-93 के ओमैक्स सोसायटी में महिला के साथ अभद्रता के बाद से ही श्रीकांत त्यागी फरार चल रहा था। वहीं पुलिस लगातार इस मामले में गिरफ्तारी के लिए छानबीन और पूछताछ कर रही थी। इस मामले में सीएम योगी ने भी राज्य के गृह विभाग से रिपोर्ट भी मांगी थी। सीएम योगी ने गृह विभाग को श्रीकांत त्यागी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश भी दिए। फिलहाल चार दिन बाद आखिरकार श्रीकांत त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार करने में नोएडा पुलिस ने सफलता हासिल कर ली है।

राज्य के गृह विभाग ने इस मामले में एक्शन लिया और लापरवाही बरतने के आरोप में एक एसएचओ, सब इंस्पेक्टर समेत चार सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया था। वहीं पुलिस ने श्रीकांत त्यागी पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था।

इससे पहले नोएडा पुलिस ने गाजियाबाद के रहने वाले नितिन त्यागी, लोकेंद्र त्यागी, राहुल त्यागी, चर्चिल राणा, प्रिंस त्यागी और रवि पंडित को गिरफ्तार किया था। इन सभी ने रविवार रात श्रीकांत त्यागी के पक्ष में नोएडा की ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसाइटी में बवाल किया था। साथ ही श्रीकांत त्यागी के मामले में मीटिंग कर रहे लोगों को धमकाया भी था। सभी 6 आरोपियों को न्यायालय ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

Exit mobile version