उत्तराखंड के रामनगर में नदी में समा गई इनोवा, 9 लोगों की मौत

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। रामनगर की ढेला नदी में एक कार के बह जाने से 9 लोगों की मौत हो गई है। जबकि एक लड़की को जीवित बचाया गया है।

इनोवा कार सवार पर्यटक पंजाब के रहने वाले हैं। सभी ढेला रामनगर स्थित रिसॉर्ट में प्रवास कर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सुबह 5:45 के आसपास पर्यटक ढेला नदी के रास्ते पर पहुंचे ही थे कि नदी में आए तेज बहाव में उनकी कार बह गई। कार मे सवार चार पर्यटकों के शव पुलिस द्वारा बरामद कर लिए गए हैं। एक युवती नाजिया उम्र 22 वर्ष को घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया है। हादसे का मंजर इतना भयानक था कि लोगों की भी रूह कांप उठी।

कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि कार में अभी पांच लोगों के शव हैं, जिन्हें निकालने का प्रयास चल रहा है। कार को नदी से निकालने के लिए क्रेन को मौके पर बुलाया गया है। मृतकों में तीन युवक व छह महिलाएं शामिल हैं। घायल युवती का अस्पताल में उपचार चल रहा है, अभी वह सदमे में है। मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पर्यटक पटियाला पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

रामनगर में गुरुवार देर रात से ही बारिश हो रही है। इस कारण बरसाती नाले उफान पर थे। ढेलवा नदी पुल पर भी पानी ओवरफ्लो हो रहा था। इसके बाद भी आर्टिगा चालक ने गाड़ी को पार कराने का निर्णय लिया। उसका यह फैसला पर्यटकों के लिए भारी पड़ गया।

Exit mobile version