गाजियाबाद में कुत्ते के भौंकने को लेकर हुआ विवाद तो पिता और दो बेटों को मारी गोली, दो गिरफ्तार

गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के मोरटा गांव में कुत्ते के भौंकने के विवाद में दो युवकों ने पिता और उसके दो बेटों को गोली मार दी। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध असलहा बरामद कर लिया है।

मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के गांव मोरटा में सुशील गोवंश पालन करते हैं। सुशील मूल रूप से विजयनगर के रहने वाले हैं। 4 दिन पहले उनका सदरपुर गांव निवासी सत्यम और शिवम से विवाद हुआ था। विवाद की वजह कुत्ते के भौंकने को लेकर थी। उस वक्त संभ्रांत नागरिकों ने दोनों पक्षों को बैठाकर विवाद शांत करा दिया लेकिन सोमवार रात को फिर से इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि इस दौरान शिवम व सत्यम ने सुशील व उनके दो बेटों अरुण और तरुण को गोली मार दी। सुशील की कमर में गोली लगी है। जबकि दोनों बेटों के पेट को छूती हुई गोली निकली है। तीनों घायलों को संजयनगर के संयुक्त अस्पताल में एडमिट कराया है। तीनों घायलों की हालत डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताई है।

सुशील की पत्नी कुंतेश ने शिवम व सत्यम के खिलाफ जानलेवा हमले की एफआईआर कराई है। मधुबन बापूधाम थाना एसएचओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सुशील की पत्नी कुंतेश ने सत्यम और शिवम के खिलाफ केस दर्ज कराया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद कर लिया गया है।

Exit mobile version