गाजियाबाद : सुबह से शाम तक हुई वोटिंग पर 49.76 फीसद लोगों ने डाला वोट

गाजियाबाद। जिले में लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को जमकर वोटिंग हुई। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक 49.76% मतदान हुआ है। इस दौरान 17 बैलेट यूनिट, 40 कंट्रोल यूनिट और 107 VVPAT खराब पाए गए। कंट्रोल रूम की सूचना पर इन्हें बाद में बदलवाया गया। मतदान का ग्राफ लोकसभा चुनाव 2019 से 10 परसेंट कम रहा है।
लोकसभा क्षेत्र में कुल 841 मतदान केंद्र और 3195 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इन पर 29 लाख 38 हजार 845 मतदाता वोट डालेंगे। गाजियाबाद में BJP से अतुल गर्ग, कांग्रेस से डॉली शर्मा, BSP से नंदकिशोर पुंडीर सहित 14 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें तीन प्रत्याशी आपस में रिलेटिव हैं। नंदकिशोर पुंडीर जहां BSP प्रत्याशी हैं, वहीं उनकी पत्नी कविता और भतीजे अभिषेक निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। साहिबाबाद क्षेत्र स्थित बूथ नंबर 647 पर EVM खराब थी। इस वजह से 50 मिनट मतदान प्रभावित रहा। यहां 7.54 बजे मतदान शुरू हो सका। वसुंधरा क्षेत्र अग्रसेन पब्लिक स्कूल पर बूथ नंबर 314 पर EVM खराब हुई। इस वजह से यहां देरी से मतदान प्रारंभ हो पाया। इधर, चमन कॉलोनी निवासी जहां आरा के परिवार में कुल 13 सदस्य हैं, लेकिन इस बार सिर्फ 3 सदस्यों को वोट डालने का अधिकार मिल पाया है। घर के 10 सदस्यों के नाम मतदाता सूची से गायब हैं। जहां आरा अपनी पुत्र वधू और पौत्र के साथ वोट डालने के लिए कैला भट्टा के MB गर्ल्स स्कूल में पहुंची थीं।

धीमा मतदान का लगा आरोप
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी एमएस कॉलेज में वोट डालने के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा आज वेस्टर्न यूपी के कई जिलों से लगातार ईवीएम खराब होने की शिकायत मिल रही है। कहीं पर मतदान धीमा कराया जा रहा है। पहले चरण के चुनाव में भी भाजपा ने सरकारी मशीन का दुरुपयोग किया था। भाजपा ने अपने लोकतांत्रिक व्यवहार में सरकार को भी शामिल किया है, जो असंवैधानिक है। जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा, लोनी तहसील, जिला मुख्यालय, सदर तहसील, एसडी इंटर कॉलेज में कुछ ईवीएम रिजर्व में रखवाई गई हैं। यदि कहीं से भी ईवीएम खराब होने की सूचना मिलती है तो उन्हें तत्काल बदलवाया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों की एक टीम अलग से तैनात कर दी गई है। हर विधानसभा क्षेत्र में कुछ दिव्यांग और पिंक बूथ भी तैयार कराए गए हैं।

Exit mobile version