कोरोना देश में:1.01 लाख नए मरीज मिले, 1.73 लाख ठीक हुए और 2,444 की मौत; नए संक्रमितों का आंकड़ा 2 महीनों में सबसे कम

पढ़िये  दैनिक भास्कर की ये खबर….

देश में रविवार को कोरोना के 1 लाख 1 हजार 159 मामले सामने आए। यह आंकड़ा पिछले 62 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 5 अप्रैल को 96,563 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। पिछले 24 घंटे में संक्रमण की वजह से 2,444 लोगों की मौत हुई है।

देश में करीब 45 दिन बाद रोजाना मौतों का आंकड़ा 2500 से नीचे आया है। इससे पहले 22 अप्रैल को 2257 लोगों की मौत हुई थी। राहत की बात यह भी रही कि बीते दिन 1 लाख 73 हजार 831 लोगों ने कोरोना को मात दी। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 75,151 की कमी रिकॉर्ड की गई।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 1.01 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.73 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 2,444
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.89 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.71 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 3.49 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 13.98 लाख

13 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 15 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

19 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

अपडेट्स

  • दिल्ली AIIMS में सोमवार से भारत बायोटेक की स्वदेशी कोरोना वैक्सीन कोवैक्सिन के क्लिनिकल ट्रायल के लिए स्क्रीनिंग शुरू हो रही है। हाल ही में पटना एम्स में 12 से 18 साल के बच्चों पर ट्रायल शुरू किया गया था।
  • दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट गिरकर 0.50% हो गई है। दूसरी लहर के पीक के दौरान यह 32% तक हो गई थी। अब दिल्ली में एक्टिव केस महज 5,889 रहे गए हैं।

वैज्ञानिक बोले- लापरवाही नहीं बरती, तो हम तीसरी लहर रोक सकते हैं

  • संक्रमण की दूसरी लहर से उबरने में अमेरिका को पूरे 100 दिन लग गए थे। इस लिहाज से भारत को दूसरी लहर से उबरने में अमेरिका से 39 दिन कम लगे हैं। मरीज भी अमेरिका से 22.6 लाख कम मिले हैं।
  • अमेरिका में दूसरी लहर के 100 दिन में 1.82 करोड़ नए केस मिले, जबकि भारत में दूसरी लहर के 61 दिन में 1.56 करोड़ केस मिले हैं। नए मरीजों में गिरावट की बड़ी वजह संक्रमण की दर में 4 गुना तक की कमी आना है। देश में संक्रमण की 7 दिन की औसत दर 6.6% पर आ चुकी है, जो ठीक एक महीने पहले 6 मई को 26% तक पहुंच गई थी।
  • अच्छी बात यह है कि 22 राज्यों में संक्रमण की दर 5% से नीचे गिर चुकी है। WHO के अनुसार, अगर संक्रमण की दर 5% से नीचे हो तो आप मान सकते हैं कि अब महामारी अनियंत्रित नहीं है। भारत में अब तीसरी लहर का खतरा है। ICMR के निदेशक डॉ. बलराम भार्गव का मानना है कि मास्क, दो गज की दूरी और ज्यादा से ज्यादा वैक्सीनेशन के दम पर तीसरी लहर को रोका जा सकता है। पढें पूरी खबर

प्रमुख राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र

यहां रविवार को 12,557 लोग संक्रमित पाए गए। 14,433 लोग ठीक हुए और 618 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 58.31 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 55.43 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख लोगों की मौत हो गई। 1.85 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश
यहां रविवार को 1,037 लोग संक्रमित पाए गए। 2,446 लोग ठीक हुए और 101 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.98 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.59 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 21,252 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 17,928 मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. छत्तीसगढ़
राज्य में रविवार को 999 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 2,589 लोग ठीक हुए और 25 की मौत हो गई। अब तक 9.80 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.44 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13,217 लोगों की मौत हो चुकी है। 23,280 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

4. राजस्थान
यहां रविवार को 904 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 3,854 लोग ठीक हुए और 25 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 9.46 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.19 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,656 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 18,575 मरीजों का इलाज चल रहा है।

5. गुजरात
राज्य में रविवार को 848 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 2,915 लोग ठीक हुए और 12 की मौत हो गई। अब तक 8.16 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.88 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,933 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 18,008 लोगों का इलाज चल रहा है।

6. मध्यप्रदेश
यहां रविवार को 735 नए मामले सामने आए। 1,934 लोग ठीक हुए और 42 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 7.85 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.67 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,337 लोगों की मौत हो गई। 10,103 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

7. दिल्ली
दिल्ली में रविवार को 381 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 1,189 लोग ठीक हुए और 34 की मौत हो गई। अब तक 14.29 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13.99 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 24,591 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 5,889 मरीजों का इलाज चल रहा है।

साभार-दैनिक भास्कर

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version