नियमित व्यायाम, सही खान-पान, नशीली वस्तुओं से दूरी व अनुशासित दिनचर्या से हृदय रहेगा स्वस्थ

गाजियाबाद : नियमित व्यायाम, सही खानपान व अनुशासित दिनचर्या स्वस्थ जीवन के लिए बहुत जरूरी है। नेशनल हाईवे-24 गोल्फ लिक के निकट स्थित कोलंबिया एशिया अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र सिंह, डॉ. अभिषेक सिंह व डॉ. सुधांशु मिश्रा और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विनीता दिवाकर व डॉ. रंजना ने शुक्रवार को दैनिक जागरण के हेलो जागरण कार्यक्रम में सुधी पाठकों द्वारा फोन पर दोपहर 12 बजे से दो बजे तक पूछे गए सवालों पर कुछ इसी तरह की सलाह दी। पाठकों के सवाल और चिकित्सकों के जवाब के कुछ चुनिदा अंश इस तरह रहे। हृदय रोग विशेषज्ञों से सवाल जवाब

सवाल : हृदय रोग की अधिक परेशानी होने पर दो स्टंट डाले गए थे। अब ब्लड प्रेशर कम रहता है। दवाई तो चल रही है कोई खास लाभ नहीं हो रहा है।

रोहताश, मोदीनगर जवाब : स्टंट डाले जाने के बाद कुछ दवाई नियमित रूप से खानी पड़ेगी तो कुछ एक साल के बाद कम कर दी जाती हैं। इस संबंध में एक बार संबंधित चिकित्सक की देखरेख में ही चेकअप कराएं। परेशानी होने पर कतई लापरवाही न बरतें। खुद कोई भी फैसला न लें, ऐसा करने से परेशानी बढ़ सकती है। सवाल : ब्लड प्रेशर की करीब 20 साल से दवाइयां खा रहा हूं। नियमित रूप से चिकित्सक की सलाह के अनुरूप ही दवाई और खानपान का ध्यान रखता हूं, लेकिन ब्लड प्रेशर कंट्रोल नहीं होता। डॉ. सुधीर कुमार, राजनगर गाजियाबाद जवाब : एक बार आप दवाइयों के अलावा अपनी रिपोर्ट के साथ अस्पताल आकर मिल सकते हैं। ब्लड प्रेशर में दी जा रही दवाइयों के साथ ही कुछ चेकअप भी होंगे। अपने चिकित्सक से भी इस बारे में विस्तार से जानकारी ले सकते हैं, लेकिन ब्लड प्रेशर का अधिक बढ़ना घातक सिद्ध हो सकता है। सवाल : मेरी उम्र 42 साल है और ब्लड प्रेशर लो रहने के साथ ही कुछ दूर चलने पर सांस फूलती है। इसके बाद सीने में भारीपन लगता है। क्या यह हृदय रोग हो सकता है।

सोनू, झांसी मध्य प्रदेश जवाब : इसके लिए आपको सबसे पहले अपने नजदीकी चिकित्सक से इसीजी, इको व ट्रेड मिल टेस्ट कराना चाहिए। यह जांच के बाद ही पता चलेगा। कहीं हृदय की धमनियों में कोई रुकावट तो नहीं है। इसके चेकअप के लिए देर नहीं करना चाहिए। सवाल : बाइपास सर्जरी हुई थी। इसके बाद से पैरों में सूजन रहती है और चलने में बेहद परेशानी महसूस होती है। कुछ दूर चलने पर सांस भी फूल जाती है।

जेपी मंगल, वसुंधरा साहिबाबाद जवाब : दिल की कमजोरी होने से सूजन आ सकती है। इसके लिए इको, कार्डियो के अलावा ब्लड टेस्ट कराना जरूरी है। ऐसा तो नहीं कि धमनियों में रक्त के चक्के जम गए हों। लेटते समय पैरों के नीचे तकिया रखकर ऊंचा करके सोएं। सवाल : मेरी उम्र 60 साल है और सीने में भारीपन और घबराहट होने के कुछ देर बाद फिर से सामान्य हो जाता है। धमनियां बंद होने पर दो स्टंट भी डलवाए थे।

सतीश, गाजियाबाद जवाब : इसके लिए आप सबसे पहले स्ट्रेस टेस्ट के अलावा इको व ट्रेड मिल टेस्ट भी करा लें। इसके बाद ही पता चलेगा कि जो स्टंट डाले गए हैं। वह तो ब्लाकेज नहीं हैं। ऐसा 100 में से दो लोगों को हो जाता है, लेकिन यह टेस्ट करने के बाद ही पता चल सकेगा।

स्त्री रोग विशेषज्ञ से सवाल जवाब सवाल : गर्भधारण के समय यानी करीब आठ वर्ष से दिल व किडनी में परेशानी हुई। अल्ट्रासाउंड कराया तो एक चने के बराबर गांठ आई है। – कविता, गुरुग्राम जवाब : चिकित्सीय परीक्षण बेहद जरूरी है। जांच के बाद चिकित्सीय सलाह के साथ इलाज संभव है। देर न करें और समय रहते इलाज करा लें। सवाल : पिछले पांच वर्षो से मासिक धर्म अनियमित हो रहे हैं। इससे किस तरह की अन्य परेशानी हो सकती हैं।

रंजना गोयल, हापुड़ जवाब : मासिक धर्म नियमित होना जरूरी है। इसकी अनियमितताओं से चिड़चिड़ापन और दूसरी कई बीमारियां होने का खतरा है। इस माह के लिए जो दवाई बताई है, उसे लेने के बाद आराम मिलेगा। सवाल : शादी के नौ साल से अधिक का समय हो गया। इलाज कराने के बावजूद भी कोई परिणाम नहीं निकला। जवाब : अपनी सभी रिपोर्ट लेकर पति के साथ आकर मिलें। कुछ जांच के बाद इलाज संभव हो सकेगा। सवाल : मेरी उम्र 24 साल है अभी शादी नहीं हुई है। मासिक धर्म अनियमित चल रहे हैं। ऐसे में यह ठीक हों, इसके लिए क्या करना चाहिए।

रितिका, गाजियाबाद जवाब : यह हार्मोस के असंतुलित होने से होता है। इसके लिए जांच कराना भी जरूरी है। अधिक मात्रा में हरी सब्जी और फलों के सेवन के साथ ही नियमित रूप से व्यायाम करें।

समय से पहले बजने शुरू हो गए फोन

दैनिक जागरण की ओर से सुधी पाठकों के लिए हेलो जागरण कार्यक्रम दोपहर 12 से दो बजे तक के लिए आयोजित किया गया था। इसमें कोलंबिया एशिया अस्पताल के हृदय और स्त्री रोग विशेषज्ञों से समस्याओं के बारे में चिकित्सीय परामर्श लेने के लिए फोन सुबह 11 बजे से बजने शुरू हो गए। काफी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याओं के बारे में वरिष्ठ चिकित्सकों से बताकर परामर्श लिया। साभार दैनिक जागरण

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version