संपत्ति कर का है लाखों रुपए बकाया, नगर निगम ने जारी किए 5 हज़ार डिमांड नोटिस

गाज़ियाबाद नगर निगम ने वित्तीय वर्ष की समाप्ति होने से पहले इस साल का संपत्ति कर जमा न करने पर पांच हजार लोगों को डिमांड नोटिस जारी किया गया है। इन लोगों पर करीब 90 लाख रुपये बकाया है। लाखों की इस रकम को वसूलने के लिए नगर निगम द्वारा एड़ी चोटी का जोर लगाया जा रहा है।

नगर निगम मोहन नगर जोन के जोनल प्रभारी एसके गौतम ने बताया कि मोहन नगर जोन में करीब तीन हजार लोगों को डिमांड नोटिस जारी किया गया है। इनमें से ज्यादातर लोग राजेंद्र नगर इंडस्ट्रियल एरिया, यूपी बॉर्डर, शालीमार गार्डन में रहते हैं। इन लोगों पर करीब 40 लाख रुपये का बकाया है।

इसके अलावा नगर निगम वसुंधरा जोन के जोनल प्रभारी सुनील राय ने बताया कि वसुंधरा जोन में ढाई हजार लोगों को डिमांड नोटिस जारी किए गए हैं। इन लोगों पर करीब 50 लाख रुपये बकाया है। दोनों जोन में करीब 90 लाख रुपये का बकाया टैक्स वसूलना नगर निगम के लिए चुनौती है।

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि संपत्ति कर जमा करने के लिए अब कोई छूट नहीं दी जा रही है। छूट जनवरी तक ही दी गई थी। लोगों से अपील की जा रही है कि वह जल्द से जल्द संपत्ति कर का भुगतान करें वरना बकाया कर के आधार पर मार्च माह से ब्याज लगाकर वसूली की जाएगी। इसके बाद भी अगर किसी व्यक्ति ने संपत्ति कर का भुगतान नहीं किया तो पानी और सीवर का कनेक्शन काट दिया जाएगा।

नगर निगम की ओर से संपत्ति कर की वसूली के लिए सचल वसूली दस्ता बनाया गया है। जिसमें कर अधीक्षक के नेतृत्व में टीमें बनाई गई हैं। नगर निगम की ओर से कैंप लगाकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है, जिससे की वह जल्द ही संपत्ति कर जमा करें और नगर निगम वसूली का अपना लक्ष्य पूरा कर सकें।

अपने मित्रों और परिजनों को *हमारा गाज़ियाबाद के व्हाट्सएप न्यूज़ ग्रुप* से जोड़ने के लिए यह लिंक शेयर करें। https://chat.whatsapp.com/8YNhSMv65CX3dLKLfcwqqX

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version