अधर्म पर धर्म की विजय, रामलीलाओं में राम ने किया रावण का वध

गाज़ियाबाद। शहर में अलग-अलग स्थानों पर होने वाली रामलीलाओं में भगवान राम ने रावण का वध कर रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया। रामलीला मैदान में भगवान श्री राम और रावण का किरदार निभा रहे कलाकारों ने रामलीला को देखने आए लोगों से वातावरण में जहर घोलने वाली पॉलीथिन का उपयोग न करने की अपील की।

विजयदशमी पर्व दशहरा को बुराई पर अच्छाई की जीत, अधर्म पर धर्म की विजय और अहंकार का वध करने के लिए मनाया जाता है। भगवान श्रीराम ने लंका के राजा रावण का वध किया था और मां दुर्गा ने महिषासुर का संहार किया था। दशहरा पर्व पर शहर के मेन बाजार समेत अलग-अलग स्थानों पर चल रही रामलीला में मंगलवार को भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया। जिसके बाद शहर के मन बाजार स्थित रामलीला मैदान, इंद्रप्रस्थ धार्मिक श्री रामलीला, लाल बाग, बलराम नगर, और ट्रॉनिका सिटी में रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया।

बाद में भगवान राम ने लंका में रावण की कैद में बंद माता सीता को मुक्त कराया। कलाकारों ने मंच से रामलीला देखने आए लोगों से पॉलीथिन का उपयोग न करने का वचन लिया। सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। दोपहर से ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने शहर में होने वाली रामलीला स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। खुफिया विभाग के अधिकारियों ने भी रामलीला मैदान में पैनी नजर रखी। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version