जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग में भूस्खलन, 2 विदेशी नागरिकों की मौत

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग के ऊपरी इलाकों में बुधवार को भारी हिमस्खलन हुआ जिसमें पोलैंड के 2 पर्यटकों की मौत हो गई। इस घटना में और 21 लोग फंस भी गए थे, जिन्हें बाद में बचा लिया गया। जब यह घटना हुई, उस दौरान कुछ स्कियर स्कीइंग कर रहे थे।

बारामूला जिला पुलिस के प्रवक्ता ने ट्विटर पर कहा, ‘गुलमर्ग में एक प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट अफरवात चोटी हापथखुद में हिमस्खलन हुआ। बारामूला पुलिस द्वारा अन्य एजेंसियों के साथ बचाव अभियान शुरू किया गया है। कुछ स्कीइंग करने वालों के फंसे होने संबंधी खबरों की पुष्टि की जा रही है।’ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्कीइंग करने वाले 21 विदेशी नागरिकों के 3 दलों और 2 स्थानीय गाइड हापथखुद कांगडोरी में स्की ढलान पर थे कि इसी दौरान दोपहर लगभग 12.30 बजे हिमस्खलन हुआ।

न्होंने बताया कि पोलैंड के 2 नागरिकों के शव बरामद कर लिये गये हैं।अन्य 19 लोग जो अफरवात क्षेत्र की बर्फीली चोटियों में फंस गए थे, उन्हें बारामूला जिला पुलिस के दलों ने बचा लिया है। अफरवात क्षेत्र अपने स्की ढलानों के लिए प्रसिद्ध है और हर सर्दियों में सैकड़ों पर्यटक यहां आते हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें गुलमर्ग के निकट सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।

बता दें कि दो दिन पहले रामबन जिले में भूस्खलन हुआ था जिसके कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए बंद हो गया था। अधिकारियों ने बताया कि जिले में चंदरकोट तथा बनिहाल के बीच मिट्टी धंसने और पत्थर गिरने की घटनाओं के कारण कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले 270 किलोमीटर लंबे राजमार्ग पर सोमवार को यातायात बाधित हो गया है। अभी तक ये बंद है और प्रशासन इसे शुरू करने में जुटा हुआ है।

अधिकारियों ने दिशानिर्देश जारी कर लोगों से राजमार्ग पर यात्रा नहीं करने को कहा है। बता दें कि राजमार्ग बाधित होने से उस पर कई जगह सैंकड़ो वाहन फंस गए और सड़क पर से मलबा हटाया जा रहा है।

Exit mobile version