क्या पता न हुई हो सर्जिकल स्ट्राइक, प्रूफ तो दिया नहीं: दिग्विजय सिंह

श्रीनगर। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना की कार्रवाई सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांग एक नए सियासी विवाद को जन्म दे दिया है। जम्मू में दिग्विजय सिंह ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक झूठ का पुलिंदा है। इसमें कितने लोग मारे गए कोई प्रमाण नहीं है। दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद भाजपा नेताओ ने पलटवार शुरू कर दिया है। भाजपा ने दिग्विजय सिंह के बयान को शर्मनाक बताते हुए राहुल गाँधी की देशभक्ति पर हमला किया है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी सोमवार को राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा के जम्मू पड़ाव के दौरान आई है। दिग्विजय सिंह ने कहा, “हमारे सीआरपीएफ के 40 जवान पुलवामा में शहीद हुए थे। सीआरपीएफ के अधिकारियों ने पीएम मोदी से अनुरोध किया था कि कर्मियों को एयरलिफ्ट किया जाना चाहिए, लेकिन पीएम मोदी सहमत नहीं हुए। ऐसी चूक कैसे हुई? आज तक संसद के समक्ष पुलवामा पर कोई रिपोर्ट नहीं रखी गई।”

सर्जिकल स्ट्राइक पर कोई सबूत नहीं दिखाया
उन्होंने आगे कहा, “उन्होंने दावा किया कि सर्जिकल स्ट्राइक किया गया, लेकिन सबूत नहीं दिखाया। वे केवल झूठ फैलाते हैं।” उरी आतंकी हमले के लगभग 10 दिन बाद 2016 में सर्जिकल स्ट्राइक किए गए थे, जहां जम्मू-कश्मीर के उरी में सेना के 12 ब्रिगेड मुख्यालय पर चार आतंकवादियों ने ग्रेनेड से हमला किया था, जिसमें 18 सैनिक शहीद हुए थे।

भाजपा हुई हमलावर
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि गैरजिम्मेदाराना बयान देना कांग्रेस पार्टी का चरित्र है। हमारे सुरक्षा बलों के खिलाफ बोलने वाले किसी को भी देश बर्दाश्त नहीं करेगा। पीएम मोदी के प्रति नफरत के कारण राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह में अब देशभक्ति नहीं बची है।

गौरव भाटिया ने कहा कि जब भी हमारी वीर सेना अपना पराक्रम दिखाती है तो सबसे अधिक दर्द उस देश को होता है जिसको सबक सिखाया जाता है, जो विश्व में अपनी आतंकी गतिविधियों को लेकर जाना जाता है। लेकिन यह दुखद है कि दर्द भारत की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस को होता है।

पिटाई हो गई से खून की दलाली तक
भाजपा नेता और प्रवक्ता शहजाद पूनेवाला ने भी ट्वीट कर कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने कहा कि जिस दिन हम पराक्रम दिवस मनाते हैं, नेताजी की विरासत को सलाम करते हैं और हमारे बहादुरों का सम्मान करते हैं – कांग्रेस एक बार फिर हमारी सेना के मनोबल पर हमला करती है। पिटाई हो गई से खून की दलाली तक, सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट पर शक करना और आतंक को क्लीन चिट देने के लिए पुलवामा के लिए भारत को दोष देना। यह शर्मनाक है।

Exit mobile version