शाही परिवार के नाम पर होटल को लाखों का चूना लगाकर फरार हुआ ठग, केस दर्ज

दिल्ली। दिल्ली पुलिस के सामने धोखाधड़ी का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने फाइव स्टार होटल द लीला पैलेस के कर्मचारियों को 23 लाख का चूना लगा दिया।उसने खुद को संयुक्त अरब अमीरात का निवासी और अबू धाबी के शाही परिवार का कर्मचारी बताया और 4 महीने तक यहां रुका फिर अचानक ही होटल वालों को चकमा देकर रफूचक्कर हो गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, मोहम्मद शरीफ ने होटल अधिकारियों को बताया कि वह संयुक्त अरब अमीरात में रहता था और अबू धाबी के शाही परिवार के सदस्य शेख फलाह बिन जायद अल नाहयान के ऑफिस में काम करता था। उसने एक बिजनेस कार्ड, यूएई रेजिडेंट कार्ड और अन्य दस्तावेज पेश किए। आरोपी ने होटल के कर्मचारियों से कहा कि वह शेख के साथ व्यक्तिगत रूप से काम करता है, वो कुछ आधिकारिक काम के लिए भारत आया है। वह कर्मचारियों से यूएई में अपने काम और जीवन के बारे में बताता था।

शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपी महीनों तक होटल के कमरा नंबर 427 में रहा और 20 नवंबर 2022 को होटल से क़ीमती सामान के साथ भाग गया। होटल बिल और कमरे से गायब चीज़ों की कुल कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है। शरीफ ने शुरुआत में करीब साढ़े 11 लाख रुपये बिल पेमेंट किया था लेकिन बकाया पेमेंट किए बिना ही होटल छोड़कर चला गया।

पुलिस ने कहा कि हमें नहीं लगता होटल में जमा कराए गए पहचान पत्र असली हैं और आरोपी अबू धाबी के शाही परिवार से जुड़ा हुआ है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसने पहले भी ऐसी धोखाधड़ी न की हो। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान में जुटी है और उसकी तलाश कर रही है।

Exit mobile version