अखिलेश को केशव का जवाब- वे न तो खुद CM बनेंगे और न ही किसी को बना पाएंगे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में तीन उपचुनावों को लेकर सियासी माहौल गरमाया हुआ है। गुरुवार को रामपुर में प्रचार करने गए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने योगी सरकार के दोनों डेप्युटी सीएम को बगावत करने की सलाह दी तो केशव प्रसाद मौर्य भड़क गए। शुक्रवार को उन्होंने अखिलेश पर पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव न तो मुख्यमंत्री बन पाएंगे और न बना पाएंगे। उन्होंने यहां तक कह दिया कि सपा मुखिया अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं।

डेप्युटी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, आप न मुख्यमंत्री बन पाएंगे और न बना पाएंगे। बयानों से लगता है, बौखलाए-खिसियाए ही नहीं, मैनपुरी और रामपुर में पराजय देखकर मानसिक संतुलन भी खो चुके हैं। गुंडागर्दी, बूथ कब्जा कर नहीं पाओगे। जनता ने सपा की साइकिल को ख़ारिज कर दिया है।’

दरअसल, अखिलेश यादव रामपुर सीट से सपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करने गए थे। इस दौरान योगी सरकार में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने उन्हें सपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बनाने का ऑफर दे डाला। अखिलेश यादव ने कहा कि दोनों डेप्युटी सीएम हम लोगों को कह रहे हैं कि हम माफिया हैं। हम लोगों को अपराधी कहते हैं, लेकिन वो दोनों इस चक्कर में हैं कि कब मुख्यमंत्री बन जाएं।

सपा मुखिया ने तंज भरे लहजे में कहा कि मैंने पहले भी ऑफर दिया। रामपुर से भी ऑफर दे रहा हूं, लाओ अपने साथ 100 विधायक, हम 100 विधायक आपके साथ तैयार हैं। सरकार बना लो और मुख्यमंत्री बन जाओ। क्या उपमुख्यमंत्री बने घूम रहे हो। उपमुख्यमंत्री में क्या रखा है।

Exit mobile version