गालीबाज श्रीकांत त्यागी पर 25,000 का इनाम घोषित, सरेंडर के लिए कोर्ट में अर्जी

महिला से बदसलूकी का वीडियो हुआ था वायरल

नोएडा। नोएडा की एक सोसायटी में महिला से गुंडागर्दी करने वाले श्रीकांत त्यागी पर पुलिस ने 25000 रुपये का इनाम घोषित किया है। इससे पहले महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी द्वारा उनके आवास के बाहर बनाए गए ‘अवैध’ निर्माण को ढहा दिया गया। उधर त्यागी ने कोर्ट में सरेंडर की अर्जी दी है।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-2 में श्रीकांत त्यागी के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने फरार त्यागी पर 25000 रुपये का इनाम घोषित किया है। सोमवार को नोएडा सेक्टर 93 के ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में नोएडा अथॉरिटी के अधिकारी मजदूरों के साथ पहुंचे और श्रीकांत के अवैध निर्माण पर हथौड़ा चलाया गया। इसके बाद तुरंत बुलडोजर भी पहुंच गए और श्रीकांत त्यागी के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया।

अब तक श्रीकांत की ओर से धमकाई जाती रहीं महिलाओं ने ताली बजाकर इसका स्वागत किया। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर भी लोगों ने खुशी जाहिर की। वहीं चर्चा है कि श्रीकांत त्यागी ने गौतबुद्धनगर के सूरजपुर सीजेएम कोर्ट में सरेंडर की अर्जी लगाई है और अदालत ने उसे 10 अगस्त की तारीख तय कर दी है।

बता दें कि सोसाइटी की एक महिला ने सेक्टर-93बी में आवासीय सोसायटी में नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए श्रीकांत त्यागी द्वारा कुछ पेड़ लगाने पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद त्यागी ने महिला के साथ कथित तौर पर अभ्रद व्यवहार किया और उसे धक्का भी दिया था। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही त्यागी फरार है।

Exit mobile version