शर्मनाक: पेट्रोल का पैसा मांगा तो शख्स ने कार से कुचलकर मार डाला

फिरोजाबाद। यूपी के फिरोजाबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पेट्रोल पंप कर्मी ने जब शख्स से पेट्रोल का पैसा मांगा तो उसने कार से कुचलकर शख्स को मार दिया। इस घटना के सामने आते ही आस-पास के इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के एटा चौराहे पर स्थित एस एन फिलिंग स्टेशन की है। ये पेट्रोल पंप समाजवादी पार्टी के नेता सुरेश यादव का है। यहां शुक्रवार रात पेट्रोल भरवाने आए युवकों ने पैसा मांगने पर पेट्रोल पंप कर्मचारी को कथित तौर पर कार से कुचल दिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अखिलेश नारायण ने शनिवार को इस मामले की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे 4 युवक एक वैगनआर कार में सवार होकर पेट्रोल पंप पर आए थे और उन्होंने पंप कर्मचारी शेर सिंह (50 वर्ष) से 1,020 रुपए का पेट्रोल भरवाया। नारायण के मुताबिक, कर्मचारी द्वारा पैसा मांगने पर युवक गाली-गलौज करते हुए कार लेकर भागने लगे।

उन्होंने बताया कि युवकों ने कार के पीछे भागे कर्मचारी शेर सिंह को कथित तौर पर लेकर कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे शिकोहाबाद के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नारायण के अनुसार, पुलिस ने शनिवार तड़के फरार युवकों को कार सहित हिरासत में ले लिया और घटना के संबंध में उनसे पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Exit mobile version