कश्मीर में मस्जिद में नमाज के बाद देश विरोधी नारे लगाने वाले 13 युवक गिरफ्तार

श्रीनगर। श्रीनगर की जामिया मस्जिद में भारत विरोधी नारेबाजी करने वालों पर जम्मू कश्मीर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस कृत्य के लिए कम से कम 13 युवाओं को देशद्रोह के तहत गिरफ्तार किया है।

श्रीनगर के पुराने शहर के नौहट्टा इलाके में स्थित ऐतिहासिक जामिया मस्जिद में शुक्रवार को रमजान के महीने की पहली जुमे की नमाज पढ़ी गई। इसमें काफी संख्या में बच्चे, बूढ़े, जवान और महिलाएं भी शामिल हुईं। वहीं, नमाज के बाद मस्जिद के मुख्य हॉल से देश विरोधी नारे गूंजे। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें लोग नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की तस्वीर भी जारी की गई है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 124ए (देशद्रोह) और 447 (आपराधिक अतिचार) के तहत नौहट्टा में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस घटना को लेकर कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। उनके मुताबिक, इन सभी गिरफ्तार आरोपियों पर PSA एक्ट के तहत भी मामला दर्ज करने की तैयारी हो रही है।

अलगाववादियों का गढ़ रही है जामिया मस्जिद
श्रीनगर की जामिया मस्जिद शुरू से ही अलगाववादियों का गढ़ मानी जाती है। आल पार्टी हुर्रियत कांफ्रेंस के चेयरमैन मीरवाइज मौलवी उमर फारूक इसी मस्जिद में पांच अगस्त, 2019 तक हर शुक्रवार को नमाज से पहले खुत्बा देते थे। महाराजा रणजीत सिंह ने 19वीं सदी में अपने शासन के दौरान इस मस्जिद को बंद करवा दिया था। बाद में महाराजा गुलाब सिंह ने इसे खुलवाया।

Exit mobile version