बजरंग दल के कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या, फेसबुक पर हिजाब के विरोध में लिखी थी पोस्ट

शिवमोगा। कर्नाटक के शिवमोगा जिले में रविवार रात करीब 9 बजे बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की चाकू मारकर पर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद के बाद शिवमोगा में तनाव बढ़ गया है। दो दिन के लिए स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। पुलिस इस मामले को हिजाब विवाद से जोड़कर देख रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना रविवार रात करीब नौ बजे की है। वहीं 26 वर्षीय बजरंग दल कार्यकर्ता की पहचान हर्षा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि, हर्षा ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर हिजाब के खिलाफ पोस्ट लिखी थी। उन्होंने भगवा शॉल का समर्थन किया था।

कर्नाटक के उडुपी में हिजाब विवाद सामने आने के बाद से ही बजरंग दल काफी सक्रिय है। इसीलिए हर्षा की हत्या में साजिश के एंगल का शक गहरा गया है। हालांकि, पुलिस इस पर कुछ भी बोलने से बच रही है।

बजरंग दल समेत कई हिंदू संगठन स्कूलों में हिजाब की एंट्री का विरोध कर रहे हैं। इससे पहले कर्नाटक के कोपा में एक सरकारी स्कूल में छात्रों ने भगवा पहनकर हिजाब का विरोध किया था। आरोप था कि स्कूल ने छात्रों को भगवा पहनकर आने की मंजूरी दी थी और मुस्लिम छात्राओं से कहा था कि वे हिजाब पहनकर न आएं।

बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या के बाद शिवमोगा में तनाव बढ़ गया है। कई कार्यकर्ता हत्या के बाद अस्पताल पहुंच गए और घटना का विरोध जताने लगी। तनाव बढ़ता देख पूरे शिवमोगा में धारा 144 लागू कर दी गई है। वहीं स्कूल व कॉलेजों को भी बंद कर दिया गया है। इस बीच कर्नाटक के गृहमंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या के पीछे चार से पांच युवकों के समूह के होने की बात आई है। उन्होंने कहा कि, ये लोग किसी संगठन से थे या नहीं, इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो पाई है। आगे कहा कि, कानून-व्यवस्था नियंत्रित करने के लिए एहतियात के तौर पर शिवगोमा में स्कूल व कॉलेजों को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।

Exit mobile version