प्रियंका गांधी बोलीं- मोदी से क्यों नहीं पूछते कब करेंगे शादी?

मेरठ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। उन्होंने संवाद में पूछे गए सवालों का बेबाकी से जवाब दिया। हस्तिनापुर सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार एवं फिल्म अभिनेत्री अर्चना गौतम पर टिप्पणी करने वालों पर प्रियंका गांधी ने पलटवार भी किया।

मेरठ की हस्तिनापुर सीट से कांग्रेस पार्टी ने हिंदी और तमिल फिल्मों की मशहूर एक्ट्रेस अर्चना गौतम को प्रत्याशी बनाया है। अर्चना गौतम की तस्वीरों को गलत तरीके से पेशकर उनका विरोध किया जा रहा है। तो वहीं, सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है। अर्चना के सोशल मीडिया पर ट्रोल होने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने करारा जवाब दिया है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि बहुत संघर्ष करके अर्चना ने ये मुकाम पाया है। उनसे पूछा जा रहा है कब बिकिनी पहनी, कब शादी करेंगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जी से उनके कपड़े और शादी के बारे में क्यों नहीं सवाल पूछा जाता? केवल महिलाओं से ऐसे सवाल पूछे जाते है। यह गलत है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि वह एक महिला है इसलिए उन्हें कमजोर करने की तैयारी चल रही है। उन पर कीचड़ उछाली जा रही है। अगर उनकी जगह पर कोई पुरुष होता और चाहे किसी भी पार्टी का होता तो उससे कोई इस तरह के प्रश्न नहीं करता। प्रियंका ने कहा कि अर्चना गौतम बहुत संघर्ष करके इस जगह तक पहुंची हैं कि लोग उन्हें पहचान पा रहे हैं।

अपनी वायरल तस्वीरों को लेकर अर्चना गौतम ने अपील की है कि उनके पेशे और राजनीतिक करियर को मिक्स न किया जाए। अर्चना गौतम ने कहा कि मैंने मिस बिकनी 2018 में भारत का प्रतिनिधित्व किया। मैं मिस उत्तर प्रदेश 2014 और मिस कॉस्मो वर्ल्ड 2018 थी। मैं लोगों से अनुरोध करती हूं कि वे मेरे पेशे को मेरे राजनीतिक करियर के साथ न मिलाएं। दरअसल, अर्चना गौतम एक मॉडल हैं और वो कई फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। कांग्रेस की ओर से नाम की घोषणा होने के बाद अर्चना की बिकनी में हॉट फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी थीं।

Exit mobile version