लेखपाल ने प्यार में दिया धोखा तो महिला टीचर ने जहर खाकर जान दी

झांसी। लेखपाल ने प्यार में धोखा दिया तो क्षुब्ध हुई सरकारी हाई स्कूल की महिला टीचर ने सुसाइड कर लिया। 10 साल से दोनों रिलेशनशिप में थे। जबकि 8 महीने पहले उसने धोखा देकर दूसरी युवती से शादी कर ली। इसके बाद भी वह नहीं सुधरा और टीचर से बातचीत जारी रखी। उससे कहता रहा कि पत्नी को तलाक देकर तुमसे शादी कर लूंगा। मगर कुछ दिन पहले उसने शादी करने से मना कर दिया। इससे डिप्रेशन में आकर महिला टीचर ने जहर खाकर जान दे दी। महिला टीचर की छोटी बहन ने सदर थाने में लेखपाल के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में कर रही है।

महिला टीचर का नाम सुमनलता (32) अहिरवार था। वह सदर थाना क्षेत्र के भट्‌टागांव की रहने वाली थी। मृतका की बहन किरनलता ने बताया कि मेरी बहन सुमन अहरौरा गांव के हाईस्कूल में सरकारी टीचर थी। उनका सदर तहसील के एक लेखपाल से 10 साल से अफेयर चल रहा था। वो 2015 में लेखपाल बना था। जबकि मेरी बहन को 2021 में टीचर की नौकरी मिली थी। पहले तो लेखपाल ने मेरी बहन को प्रेमजाल में फंसाया। शादी का वादा किया, लेकिन जून 2023 में उसने दूसरी युवती से शादी कर ली। किरनलता ने बताया कि शादी की बात सुनते ही मेरी बड़ी बहन डिप्रेशन में आ गई। उसने शादी से एक दिन पहले नवाबाद थाने में शिकायत कर दी थी। तब पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया था। बातचीत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। लेकिन लेखपाल नहीं सुधरा। उसने शादी के बाद भी बहन से बातचीत करना जारी रखा। दोनों चोरी छिपे मिला करते थे।

झूठे भरोसे में रखे रहा
लेखपाल मेरी बहन से कहता था कि पत्नी को तलाक देकर तुमसे शादी कर लूंगा। ये झूठा भरोसा देकर वो मेरी बहन को कहीं और शादी नहीं करने दे रहा था। अब कुछ दिन पहले उसने शादी करने से मना कर दिया। इससे बहन डिप्रेशन में चल रही थी। बड़ी बहन की बोर्ड एग्जाम में ड्यूटी लग रही थी। शुक्रवार को उनकी ड्यूटी नहीं थी। सुबह करीब 10ः30 बजे घर से बोलकर निकली कि वह स्कूल के काम से मार्केट जा रही हैं। करीब 12 बजे वह घर लौटकर आई। साथ में वह कुछ और खरीदकर लाई थी। इसका हम लोगों को पता नहीं चला। फिर कमरे में चली गई और बोली कि सोने जा रही हूं कोई डिस्टर्ब मत करना। जबकि इसके बाद उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

मामले की जांच कर रही पुलिस
सदर थाना प्रभारी सरिता मिश्रा का कहना है कि सुमनलता ने सुसाइड किया है। उसकी बहन ने एक तहरीर दी है। जिसमें एक लेखपाल द्वारा प्रेम प्रसंग में धोखा देने पर सुसाइड करने की बात लिखी है। लेखपाल की 8 माह पहले ही शादी हुई है। शव का शनिवार को पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version