युवती की मस्जिद में हत्या, रेप की आशंका

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में मस्जिद में युवती की हत्या कर दी गई। मस्जिद के अंदर उसकी अर्धनग्न लाश मिली। चेहरा कुचला हुआ है। शरीर पर भी चोटों के निशान हैं। पुलिस रेप के बाद हत्या की आशंका जता रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
मस्जिद ताजमहल के पूर्वी गेट के पास है। युवती के कपडे़ फटे थे। आस-पास खून फैला था। रविवार दोपहर करीब 3 बजे लोग यहां नमाज के लिए पहुंचे, तो घटना का पता चला। नमाजियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस के मुताबिक रविवार दोपहर सूचना मिली कि नगला पेमा में एक मस्जिद में युवती का शव पड़ा है। सूचना पर ताजगंज थाना प्रभारी, एसीपी सदर और मैंने मौके का निरीक्षण किया। युवती की उम्र 22-23 साल के आसपास लग रही है। हत्या मस्जिद के अंदर हुई है। रेप की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। युवती सफेद सलवार और चेकदार कमीज पहने है। उसकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। उसके पास ऐसे कोई दस्तावेज भी नहीं मिले, जिससे पहचान हो सके। फोरेंसिक टीम ने मौके से तमाम सबूत जुटाए। साथ ही हत्यारोपी की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं। आसपास के CCTV चेक किए जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है, आरोपी परिचित रहे होंगे। वही युवती को लेकर यहां आए और फिर हत्या कर दी।
खाली रहती है मस्जिद
माना जा रहा है, युवती की हत्या में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं। उसके चेहरे पर जो पत्थर मारा गया, वो काफी भारी है। जिस हालत में युवती का शव मिला, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह किसी अकेले व्यक्ति का काम नहीं। आसपास के लोगों का कहना है, मस्जिद में केवल नमाज के लिए जाते थे। इसमें कोई रहता नहीं था। बाहर से केवल कुंडी लगी रहती थी। नमाज के समय लोग आते थे और नमाज अता कर चले जाते थे। रविवार को सुबह 6 बजे भी मस्जिद में नमाज अता हुई थी।
Exit mobile version