युवक ने बहन की गोली मारकर की हत्या, दो दिन पहले जेल से छूटा था

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में युवक ने बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक दो दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। वारदात को अंजाम देकर आरोपी ने सरेंडर कर दिया। सदर कोतवाली इलाके के एक मोहल्ले का पूरा मामला है। बताया जा रहा है, भाई बहन के ससुराल न जाने से नाराज था। शादी के बाद से बहन मायके में ही रह रही थी। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद भाई ने तमंचे को नाली में फेंक दिया और कोतवाली पहुंच गया। उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मरने वाली बहन का नाम रीना है। वो रविवार को अपनी बहन आसफा के घर आई हुई थी। साथ में हत्या करने वाला भाई सादिक भी आया हुआ था। आसफा के कमरे में सादिक भी रीना के साथ मौजूद था। जैसे ही रीना की बहन आसफा रसोई में खाना बनाने के लिए गई तभी आरोपी सादिक ने बहन रीना के सीने मे गोली मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
अफेयर का था शक
बगल में रहने वाले चाचा साहिद ने बताया, रीना शादी के बाद घर नहीं जा रही थी। कुछ दिन के लिए गई थी उसके बाद झगड़ा करके वापस आ गई थी। जिस पर सादिक इसे कहता था, तेरा घर अब वो है तो वहां जाकर रह, यहां मत रह। सादिक को शक था कि रीना का किसी से अफेयर भी चल रहा है। इन दोनों का विवाद 1 साल से चल रहा था। सादिक ने आज गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। सादिक चोरी के आरोप में जेल गया था। वहीं से छूटकर वो घर आया था।
Exit mobile version