‘पैगंबर मोहम्मद’ विवाद के बाद पहली बार मंच पर दिखीं नूपुर शर्मा, ‘द वैक्सीन वॉर’ के प्रमोशन इवेंट में हुईं शामिल

नई दिल्ली। ‘पैगंबर मोहम्मद’ विवाद के बाद से अंडरग्राउंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व नेता नूपुर शर्मा पहली बार सार्वजिक मंच पर सामने आई हैं। वह फिल्म ‘द वैक्सीन वॉर’ को प्रमोट करने के लिए आयोजित एक इवेंट में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने भारत माता की जय के नारे भी लगाए। नूपुर एक साल से अधिक समय तक सार्वजनिक जीवन से दूर रहीं। यहां तक कि पिछले साल जून के बाद से वह सोशल मीडिया से भी गायब हो हैं।

रविवार को फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री की आगामी ‘द वैक्सीन वॉर’ के प्रमोशन से जुड़े कार्यक्रम में नूपुर शर्मा ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में नूपुर शर्मा ने फिल्म निर्माताओं और कलाकारों के साथ भाग लिया और वैक्सीन तैयार करने वाले वैज्ञानिकों के प्रति आभार जताया।उन्होंने इस दौरान कहा कि मैं आप सभी को दिल से धन्यवाद देना चाहती हूं। यह आपके प्रयासों का ही परिणाम है कि हम भारतीय आज जीवित हैं। फिल्म निर्माताओं द्वारा उन्हें आमंत्रित करने को लेकर उन्होंने आयोजकों की सराहना की और कहा कि मैं बस एक बात कहूंगी- भारत माता की जय। इसके बाद उन्होंने कहा, ‘और इंडिया, फिर उन्होंने ठीक करते हुए कहा- भारत यह कर सकता है।’

नूपुर ने कहा कि आपका (विवेक अग्निहोत्री) का आभार कि आपने मुझे आमंत्रित किया। एक ही चीज कहूंगी- भारत माता की जय, और इंडिया, भारत कैन डू इट।’ वहीं विवेक अग्निहोत्री मंच से कहते हैं, ‘मैं बहुत खुश हूं कि हम महिला के बारे में बात कर रहे हैं। महिलाओं के साहस और भूमिका की बात कर रहे हैं। मैं एक साहसी महिला को बुलाना चाहता हूं जो दुर्भावनापूर्ण मकसदों की वजह से अपने घर में कैद रहने के बाद पहली बार सामने आईं हैं।’

दर्शकों के बीच पीछे की पंक्ति में बैठीं नूपुर शर्मा के उठते ही तालियों की गड़गड़ाहट के बीच जय श्री राम के नारे लगाए जाते हैं और नूपुर मंच पर पहुंचती हैं। विवेक अग्निहोत्री ने कहा, ‘यह फिल्म विज्ञान पर है और मैं इसे राजनीतिक नहीं बनाना चाहता लेकिन मैंने इन्हें मंच पर बुलाया क्योंकि बहुत सी युवा लड़कियां और भारतीयों का साहस बढ़ेगा।’

भाजपा किया था निलंबित
दरअसल मई 2022 को एक टीवी शो में पहुंची नूपुर शर्मा ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इससे मुस्लिम पक्ष नाराज हो गया। मुस्लिम संगठनों द्वारा नूपुर शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई और कई स्थानों पर नूपुर शर्मा की हत्या करने की भी बात की गई। इस दौरान नूपुर शर्मा ने बताया था कि उन्हें और उनके परिवार को धमकी मिल रही है। विवाद बढ़ता देख भाजपा ने नूपुर शर्मा से किनारा कर लिया और उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया। नूपुर शर्मा विवाद पर दुनियाभर के कई इस्लामी देशों द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई थी। इसके बाद से ही नूपुर शर्मा ने सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बना ली थी। यहां तक कि अपने ट्विटर हैंडल पर भी उनका आखिरी ट्वीट 5 जून 2022 का है। इस दौरान उन्होंने एक पोस्ट कर अपनी विवादित टिप्पणी पर स्पष्टीकरण देते हुए बिना शर्त वापस ले लिया था।

Exit mobile version