चार्ली चैपलिन की बेटी का निधन, 74 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

पेरिस। कॉमेडी लीजेंड चार्ली चैपलिन की बेटी और एक्ट्रेस जोसेफिन चैपलिन का 74 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनका निधन 13 जुलाई को पेरिस में हुआ था लेकिन इसके बारे में परिवार ने शुक्रवार को बताया है।

चार्ली चैपलिन ने चार शादी की थी। उन्होंने मिल्ड्रेड हारिस, लिटा ग्रे और पौलेट गोडार्ड से शादी की थी लेकिन इन सभी के साथ उनका तलाक हो गया। 1943 में उन्होंने चौथी बार ऊना ओ नील से शादी की और उन्हें आठ बच्चे भी हुए। चैपलिन के जीवन पर लिखी किताबों के अनुसार, कॉमेडी स्टार को “आखिरकार सच्ची खुशी मिल गई और ऐसा लगता है कि उन दोनों को अपना जीवनसाथी मिल गया है, शादी के वक्त ऊना केवल 18 वर्ष की थी और चार्ली 53 वर्ष के थे। इस शादी के बाद जोसेफिन चैपलिन का जन्म मार्च 1949 में कैलिफोर्निया के सांता मोनिका में हुआ था। जोसेफिन चैपलिन अपने माता पिता की आठ संतानों में से तीसरी थीं।

जोसेफिन ने कई फिल्मों में अभिनय किया था। 1972 में पियर पाओलो पासोलिनी की पुरस्कार विजेता फिल्म ‘द कैंटरबरी टेल्स’ और रिचर्ड बाल्डुची की ‘लोडेर डेस फाउव्स’ में नजर आई थीं। उसी साल उन्होंने सोवियत संघ से भागने की कोशिश कर रहे लोगों के एक समूह के बारे में मेनाहेम गोलन के 1972 के नाटक ‘एस्केप टू द सन’ में लॉरेंस हार्वे के साथ अभिनय किया। वैराइटी के अनुसार, 1988 में, उन्होंने टेलीविजन मिनी-सीरीज ‘हेमिंग्वे’ में हेडली रिचर्डसन के रूप में, स्टेसी कीच के साथ अर्नेस्ट हेमिंग्वे के रूप में अभिनय किया।

Exit mobile version