‘छत्रपति संभाजी महाराज’ के नाम पर होगा इस सड़क का नाम, लगेगी भव्य प्रतिमा, CM शिंदे का बड़ा एलान

एकनाथ शिंदे

मुंबई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई की जीवन रेखा माने जाने वाले तटीय राजमार्ग का नाम छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर रखे जाने की घोषणा की। गेटवे ऑफ इंडिया पर छत्रपति संभाजी महाराज जयंती महोत्सव के आयोजन पर मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, छत्रपति संभाजी महाराज का कार्य और बलिदान नई पीढ़ी का मार्गदर्शन कर रहा है और उन्हें प्रेरणा दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दुर्गों के संरक्षण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। छत्रपति संभाजी महाराज के समाधि स्थल वढू बुद्रुक और तुलापुर दोनों की विकास योजना को क्रियान्वित किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक धरोहर आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी। मुंबई के तटीय राजमार्ग क्षेत्र में छत्रपति संभाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. तानाजी सावंत, विधायक प्रकाश सुर्वे, विधायक यामिनी जाधव, राजमाता जीजाऊ के वंशज विजयराव जाधव और संयोजक मौजूद थे।

देवेंद्र फडणवीस ने कही ये बात
वहीं देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट कर कहा, “मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हम सभी के नायक स्वराज्य छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर तटीय सड़क का नाम रखने के फैसले की घोषणा की है। बहुत-बहुत धन्यवाद।” आगे उन्होंने कहा, ”16 मार्च 2023 को मैंने इस संबंध में उनसे पत्र के माध्यम से मांग की थी। आज छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती पर उन्होंने इस संबंध में जो घोषणा की, मैं उनका ह्रदय से आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने यह भी घोषणा की है कि इस क्षेत्र में छत्रपति संभाजी महाराज की एक भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। देवेंद्र फडणवीस ने कहा, छत्रपति संभाजी महाराज को आज पूरे महाराष्ट्र की ओर से उनकी जयंती पर यह एक अनूठी श्रद्धांजलि है।

Exit mobile version