Divya Bharti Birth Anniversary: महज 16 की उम्र में पढ़ाई छोड़ अभिनय करने लगी थीं दिव्या भारती

25 फरवरी 1974 के दिन जन्मी दिव्या ने बहुत ही कम समय में इंडस्ट्री में अपने पांव पसार लिए थे। बॉलीवुड में कदम रखते ही वह टॉप अभिनेत्रियों में गिनी जाने लगी थीं। तीन साल में 21 फिल्में कर शोहरत पाई। शादी की और सिर्फ 19 साल की उम्र में दुनिया से रुखसत हो गईं।

दिव्या भारती का जन्म 25 फरवरी 1974 को मुंबई में हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई मुंबई से हुई। वह बचपन से ही अभिनेत्री बनने का सपना देखती थीं, जिसे उन्होंने पूरा भी किया। वह एक्टिंग के पीछे इतनी पागल थीं कि उन्होंने इसके लिए अपनी पढ़ाई तक छोड़ दी। उन्होंने महज 16 साल की उम्र में ही अभिनय करना शुरू कर दिया था। इसके लिए दिव्या भारती ने नौवीं क्लास में ही पढ़ाई छोड़ दी थी।

साल 1990 में दिव्या भारती ने डी रामानायडू की तेलुगू फिल्म ‘बोब्बिली राजा’ से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई, जिसने साउथ इंडस्ट्री में दिव्या को ‘द लेडी ऑफ सुपरस्टार’ बना दिया था। इसके बाद अभिनेत्री ने साउथ की कई फिल्मों में काम किया। साउथ में उनकी लोकप्रियता आसमान छूने लगी थी। फिर, उन्होंने बॉलीवुड का रुख किया, जहां उन्होंने अपनी अदाकारी के झंडे गाड़े। दिव्या को बॉलीवुड में फिल्म शोला और शबनम से पहचान मिली और इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। दिव्या ने दीवाना, जान से प्यारा, दिल आशना है, बलवान, दिल ही तो है, दुश्मन जमाना, गीत जैसी फिल्मों में जलवा बिखेरा।

गोविंदा के भाई कीर्ति कुमार ने दिव्या को अपनी फिल्म ‘राधा का संगम’ के लिए साइन किया था। मगर किसी कारणवश दिव्या को फिल्म से बाहर किया गया और उनकी जगह जूही चावला ने अदाकारी की। दिव्या ने तेलुगू फिल्म ‘बोब्बिली राजा’ से फिल्मी करियर की शुरुआत की। फिल्म सुपरहिट रही और इसने दिव्या को साउथ फिल्म इंडस्ट्री में सुपरस्टार बना दिया। तब राजीव राय ने ‘विश्वात्मा’ में दिव्या को सनी देओल के अपोजिट कास्ट किया। इस फिल्म का ‘सात समंदर पार मैं तेरे पीछे-पीछे आ गई…’ गाना आज भी लोकप्रिय है।

1992 में दिव्या की फिल्मों ने उन्हें शोहरत के बड़े मुकाम पर पहुंचा दिया था। शाहरुख खान ने दिव्या के साथ ही 1992 में ‘दीवाना’ फिल्म से डेब्यू किया। उस समय दिव्या महज 18 साल की थीं। फिल्म जबरदस्त हिट हुई। बाद में फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला से शादी कर दिव्या ने सबको चौंका दिया था। 10 मई 1992 में दोनों ने सीक्रेट वेडिंग कर ली। साजिद से शादी करने से पहले दिव्या ने इस्लाम कबूल कर सना नाम रख लिया। बताया जाता है कि साजिद से शादी के बाद दिव्या अक्सर तनाव में रहती थीं। इसी तनाव की वजह से उन्होंने शराब पीना शुरू कर दिया था। जिस रात उनकी मौत हुई, उस रात भी वह शराब के नशे में थीं।

5 साल बाद आई दिव्या भारती की मौत पर रिपोर्ट…
5 अप्रैल 1993 को दिव्या भारती ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। दिव्या की मौत फ्लैट की खिड़की से गिरने से हुई थी। दिव्या का फ्लैट 5वीं मंजिल पर था और खिड़की में ग्रिल नहीं थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक दिव्या, किचन की खिड़की से गिरी थीं, और उस वक्त में किचन में सिर्फ नौकरानी थी। वहीं फ्लैट पर फैशन डिजाइनर नीता लुल्ला और दिवंगत एक्ट्रेस के पति साजिद नाडियाडवाला थे। दिव्या की मौत ने पूरी इंडस्ट्री को हिला किया, किसी ने इसे एक्सीडेंट कहा तो किसी ने साजिश।

इस केस में पुलिस ने 5 साल तक जांच की और 1998 में आधिकारिक पुष्टि हुई कि ये सिर्फ हादसा था। मौत के पहले दिव्या नशे में धुत थीं और खिड़की पर बैठते वक्त वो अपना बैलेंस खो बैठीं, जिससे हादसा हुआ। दिव्या की मौत के वक्त जो नौकरानी किचन में थी, एक महीने बाद ही उसकी भी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी।

मरने के बाद लोगों के सपनों में आती रहीं दिव्या
दिव्या की मां मीता ने बताया था- ‘दिव्या अक्सर मेरे सपनों में आती थी। जिस दिन मुझे जल्दी जागना होता था दिव्या सपने में आकर मुझे जगा देती थी। उन्होंने बताया कि साजिद की दूसरी पत्नी वर्धा ने भी कई बार दिव्या के सपने में आने की बात बताई। उनकी शादी के छह साल बाद दिव्या ने सपने में आना बंद कर दिया।’ वर्धा ने एक बार बताया था कि उनकी और साजिद की मुलाकात दिव्या ने ही करवाई थी। साथ ही आज भी साजिद के वाॅलेट में दिव्या की तस्वीर मौजूद है।

श्रीदेवी करने लगी थीं उनके जैसी हरकत
फिल्म लाडला में पहले दिव्या लीड रोल में थी, लेकिन जब उनकी मौत हो गई थी तो श्रीदेवी को फिल्म में कास्ट किया गया। लेकिन शूटिंग के दौरान हुई एक घटना से सेट पर मौजूद लोग डर गए थे। दरअसल श्रीदेवी उसी जगह शूटिंग कर रहीं थीं जहां दिव्या किया करती थीं। एक सीन के दौरान श्रीदेवी उसी लाइन पर बार बार अटक जाती थीं जिस पर दिव्या भी अटक जाया करती थीं। इस सीन में शक्ति कपूर और रवीना टंडन भी थे। श्रीदेवी को उस समय लाइन भूलता देख सभी घबरा गए थे। इसके बाद वहां पर गायत्री मंत्र का पाठ हुआ। फिर श्रीदेवा ने बिना रुके शूटिंग पूरी और फिल्म रिलीज हुई। फिल्म लाडला बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई थी।

मौत के पहले खुद को सिगरेट से जलाया था, एक बार हाथ भी काटा था
दिव्या की मौत के बाद उनकी मां ने भी मौत के बाद खुलासा किया था कि दिव्या गुस्से में खुद को चोट पहुंचाती थीं। मौत से पहले भी उन्होंने सिगरेट से खुद को जलाया था। मौत के कुछ महीने पहले,वो अमेरिका गई थी। वहां किसी बात से परेशान होकर उसने खुद को सिगरेट के टुकड़ों से जलाया था। वो निशान उनकी मौत के वक्त भी थे। साथ ही फिल्म राधा का संगम के दौरान किसी बात से परेशान होकर उन्होंने अपनी कलाई काट ली थी। गुस्से में वो खुद को नुकसान पहुंचाती थी।

Exit mobile version