गाजियाबाद का सॉफ्टवेयर इंजीनियर 10 दिन से लापता, न्यू ईयर की पार्टी करने गया था कसोल

गाजियाबाद। नए साल का जश्न मनाने हिमाचल प्रदेश गए सॉफ्टवेयर इंजीनियर का दस दिन वाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस ने इस मामले में अपहरण की एफआईआर दर्ज कर ली है।

श्याम पार्क साहिबाबाद एक्सटेंशन निवासी 25 वर्षीय अभिनव मिंगवाल सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। अभिनव 26 दिसंबर 2022 को न्यू ईयर पार्टी के लिए अकेले ही वोल्वो बस से हिमाचल प्रदेश के कसोल गया था। इस दौरान वह कसोल के एक होटल में रुका था और 31 दिसंबर को दोपहर दो बजे पिता से व्हाट्सएप पर बात हुई थी। इसमें दौरान अभिनव ने दो जनवरी को वापस आने की बात ही थी। मगर उसके बाद बात नहीं हो पाई और फोन बंद आ रहा है। 

परिवार के सदस्यों का जब उससे संपर्क नहीं हो पाया तो उन्होंने कुल्लू पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही है, मगर कोई पता नहीं लग पाया। बीते बुधवार को उनके पिता दिगंबर सिंह भी कुछ लोगों के साथ कसोल पहुँच गए। स्थानीय पुलिस, SDRF सहित दल के सदस्यों ने क्षेत्र का चप्पा-चप्पा छान मारा, लेकिन लापता अभिनव का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

हॉस्टल से लैपटॉप बैग लेकर गया लेकिन नहीं लौटा
अभिनव के पिता डिगंबर सिंह मिंगवाल ने बताया कि 31 दिसंबर की रात पर्कअप हॉस्टल की जंगल पार्टी थी। हॉस्टल के स्टाफ ने जंगल पार्टी में जाते हुए लड़कों की वीडियो बनाई थी। इसमें अभिनव भी लैपटॉप बैग लेकर जाता हुआ दिख रहा है, लेकिन वो जंगल पार्टी से वापस नहीं आया। पिता को शक है कि अज्ञात युवकों ने उनके बेटे का अपहरण कर लिया है।

एसएसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अभिनव मिंगवाल के अपहरण का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सर्च अभियान की कमान डीएसपी एलआर राजेश को सौंपी गई है, जो सर्च अभियान का नेतृत्व खुद कर रहे हैं।

Exit mobile version