जब विक्रम गोखले के लिए अमिताभ बच्चन ने लिखी थी CM को चिट्ठी

मुंबई। बॉलीवुड के दमदार अभिनेताओं में शुमार विक्रम गोखले का आज शनिवार को निधन हो गया। 77 की उम्र में विक्रम ने अपनी आखिरी सांस ली और दुनिया को अलविदा कह दिया। विक्रम गोखले ने अमिताभ बच्चन की फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू किया था। अमिताभ ने विक्रम के लिए महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री को चिट्ठी भी लिखी थी।

विक्रम गोखले ने 26 साल की उम्र में 1971 में अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म परवाना से डेब्यू किया था। इसके बाद अमिताभ बच्चन और विक्रम गोखले ने कई फिल्मों में एक साथ काम किया था। सन 2020 में ईटी टाइम्स को दिए इंटरव्यू में विक्रम गोखले ने इस बात का खुलासा किया था कि जब मुंबई जैसे शहर में उनके सर पर छत नहीं थी, तब अमिताभ बच्चन ने उनकी सहायता की थी। गोखले ने कहा था, ‘जब मैं इंडस्ट्री में नया था, तब मुझे बहुत संघर्ष करना पड़ा। मैं बहुत ही बड़ी वित्तीय समस्या से जूझ रहा था और मुंबई में घर की तलाश कर रहा था। तभी अमिताभ बच्चन को इस बारे में पता चला। उन्होंने तत्कालीन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री मनोहर जोशी को व्यक्तिगत तौर पर मेरे लिए एक पत्र लिखा था। उनके कहने पर मुझे सरकार से घर मिला। मेरे पास आज भी वह पत्र है और उसे फ्रेम करवाकर रखा हुआ है।’

अमिताभ संग दोस्ती को याद करते हुए विक्रम ने कहा था, ‘मुझे इस बात पर गर्व महसूस होता है कि मैं अमिताभ को बीते करीब 50-55 साल से जानता हूं। मुझे उनका अंदाज और नेचर बहुत पसंद है। अमिताभ, इंडियन सिनेमा के बेहतरीन एक्टर हैं और एक अच्छे दोस्त भी हैं। मैंने उनका स्ट्रगल देखा है और वो दौर देखा है जब वो काम के लिए कोशिश करते थे।’

विक्रम गोखले का सिनेमाई करियर
विक्रम गोखले ने 26 साल की उम्र में 1971 में अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म परवाना से डेब्यू किया था। अपने 40 साल के करियर में विक्रम गोखले ने कई हिंदी और मराठी फिल्मों में काम किया था। जिन में मिशन मंगल, हिचकी, अय्यारी, बैंग बैंग, दे दना दन, भूल भुलैया, अमिताभ बच्चन के साथ अग्निपथ, सलमान खान- ऐश्वर्या राय- अजय देवगन के साथ हम दिल दे चुके सनम आदि शामिल हैं। साल 2010 में विक्रम ने मराठी फिल्म अनुमति के लिए बेस्ट एक्टर का खिताब भी जीता था। वहीं मराठी फिल्म आघात से बतौर निर्देशक भी उन्होंने डेब्यू किया था। बता दें कि आखिरी बार विक्रम गोखले, शिल्पा शेट्टी और अभिमन्यु दसानी के साथ फिल्म निकम्मा में नजर आए थे।

फिल्मी है विक्रम गोखले का पूरा परिवार
विक्रम गोखले का पूरा परिवार फिल्मी दुनिया से जुड़ा हुआ है। इसकी शुरुआत उनकी परदादी से हुई थी। विक्रम गोखले दुर्गाबाई कामत इंडियन स्क्रीन की पहली फीमेल एक्टर रही हैं। उनकी दादी कमलाबाई गोखले इंडियन सिनेमा की पहली फीमेल चाइल्ट आर्टिस्ट के तौर पर काम कर चुकी हैं और उनके पिता चंद्रकांत गोखले भी मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता थे। 

पुणे में होगा अंतिम संस्कार
बीबीसी हिंदी से बात करते हुए विक्रम गोखले की बेटी ने कहा, ‘मेरे पिता विक्रम गोखले का आज दोपहर निधन हो गया है। मेरा परिवार इस मुश्किल की घड़ी में उन सभी का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं जिन्होंने उनके लिए प्रार्थना की।’ बता दें कि विक्रम गोखले का अंतिम संस्कार आज शाम पुणे में होगा।

Exit mobile version