कंगना रनौत ने दिवंगत श्रद्धा के लिए लिखा इमोशनल पोस्ट, कहा- उसका ब्रेन वॉश हुआ

मुंबई। राजधानी दिल्ली में श्रद्धा वॉल्कर की दर्दनाक हत्या ने सभी को हिलाकर रख दिया है। श्रद्धा की मौत के बाद से आम लोगों से लेकर सेलेब्स तक में इस मामले को लेकर हलचल मची हुई है। इस घटना के सामने आने के बाद से बॉलीवुड सेलेब्स भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसी कड़ी में अब बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने भी श्रद्धा मर्डर केस में एक बड़ी बात कही है जिसने सभी लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।

बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने दिवंगत श्रद्धा की चिट्ठी की फोटो अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की है। कंगना ने लिखा है- यही वह चिट्ठी है, जो श्रद्धा ने साल 2020 में पुलिस से मदद मांगते हुए लिखी थी। वह हमेशा उसे डराता था और उसके टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी देता था। श्रद्धा ने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि वह उसे ब्लैकमेल करता था लेकिन उसने न जाने कैसे उसका ब्रेनवॉश कर दिया और अपने साथ दिल्ली ले गया। उसने उसे दुनिया से अलग कर दिया और काल्पनिक दुनिया में ले गया।

कंगना ने अपने पोस्ट में आगे लिखा है- हम सभी को पता है कि शादी का वादा करके ऐसा किया गया। वह कमजोर नही थीं। वह एक लड़की थी, जिसका जन्म इस दुनिया में जीने के लिए हुआ था लेकिन बदकिस्मती से उसके अंदर एक महिला का दिल था, जो घाव भरने वाली होती है। कंगना ने पोस्ट में लिखा- महिला, हमारी धरती की ही तरह ऐसी कोख होती है, जो किसी में भेदभाव नहीं करती। वह उन सभी को अपनाती है, भले ही वह उस लायक हों या न हों।

कंगना ने लिखा- राक्षसों से लड़ना चाहती थी वो
कंगना ने इमोशनल भाव रखते हुए आगे लिखा- वह परिकथा में विश्वास करती थी। वह यह मानती थी कि दुनिया को उसका प्यार चाहिए। वह देवी थी जिसके पास घावों को भरने की शक्तियां थीं। वह कमजोर नहीं थी, वह एक लड़की थी जो परियों की कहानी में जीती थी। वह परिकथा में अपने हीरो के भीतर छिपे राक्षसों से लड़ने की कोशिश कर रही थी। कंगना ने आगे इंस्टा स्टोरी में लिखा- हम सभी जानते हैं कि प्यार हमें अभिभूत कर देता है। वह राक्षसों को मारने के लिए बहुत आगे चली गई थी लेकिन हीरो चाहता था कि राक्षस जीतें और यही हुआ।

Exit mobile version