दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले की हालत नाजुक, बेटी ने कहा- अफवाह न फैलाएं

मुंबई। ‘हम दिल दे चुके सनम’ और ‘भूल भुलैया’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से दुनियाभर में अपने अभिनय का जादू चला चुके दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले की हालत नाजुक है। विक्रम गोखले की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। विक्रम गोखले के निधन को लेकर चल रही खबरों का उनकी बेटी ने खंडन किया है। विक्रम गोखले की बेटी ने कहा है कि अभिनेता विक्रम गोखले की हालत अभी नाजुक बनी हुई है और उनका निधन नहीं हुआ है।

बुधवार देर शाम हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले के निधन की खबर सामने आते ही बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई। अजय देवगन से लेकर नवाजुद्दीन सिद्दीकी समेत तमाम सेलेब्स ने एक्टर के लिए शोक जताना और श्रद्धांजलि देनी शुरू कर दी थी। जिस पर उनकी पत्नी वृशाली गोखले की प्रतिक्रिया आयी। उन्होंने कहा कि वो अभी जीवित हैं। अभिनेता विक्रम गोखले की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें यहां एक अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया है। उनके परिवार के सदस्यों अनुसार उनकी हालत काफी गंभीर है।

मराठी थिएटर और सिनेमा अभिनेता चंद्रकांत गोखले के पुत्र विक्रम गोखले की कुछ प्रमुख बॉलीवुड फिल्मों में संजय लीला भंसाली की रोमांटिक फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ थी, जिसमें उन्होंने ऐश्वर्या राय के पिता संगीत उस्ताद की भूमिका निभाई थी। विक्रम गोखले ने 26 साल की उम्र में 1971 में अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म परवाना से डेब्यू किया था। अपने 40 साल के करियर में विक्रम गोखले ने कई हिंदी और मराठी फिल्मों में काम किया था। जिन में मिशन मंगल, हिचकी, अय्यारी, बैंग बैंग, दे दना दन, भूल भुलैया, अमिताभ बच्चन के साथ अग्निपथ, सलमान खान- ऐश्वर्या राय- अजय देवगन के साथ हम दिल दे चुके सनम आदि शामिल हैं। साल 2010 में विक्रम ने मराठी फिल्म अनुमति के लिए बेस्ट एक्टर का खिताब भी जीता था। वहीं मराठी फिल्म आघात से बतौर निर्देशक भी उन्होंने डेब्यू किया था।

विक्रम गोखले ने हिंदी के साथ-साथ मराठी फिल्मों में भी काम किया है। मराठी फिल्म ‘अनुमति’ के लिए विक्रम गोखले को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। विक्रम गोखले को रंगमंच पर अभिनय के लिए 2011 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

Exit mobile version