गाजियाबाद: उधारी के विवाद में दो लोगों ने एक-दूसरे को फावड़े से काट डाला

गाजियाबाद। बापूधाम थाना क्षेत्र में पांच लाख रुपये के विवाद में दो लोगों ने एक-दूसरे की फावड़े से काटकर जान ले ली। इस खूनी वारदात में एक ही फावड़े का इस्तेमाल हुआ। मृतकों में एक डेयरी संचालक और दूसरा क्लीनिक चलाता था। पुलिस ने पंचनामा भर दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

क्षेत्र के गांव सदरपुर निवासी ब्रजपाल गांव में दूध की डेयरी चलाता था। ब्रजपाल के भाई अजय उर्फ सोनू ने पड़ोस के गांव दुहाई के रहने वाले चिकित्सक विकास से वर्ष 2016 में पांच लाख रुपये उधार लिए थे। काफी टाइम बीतने के बाद सोनू ने रुपए नहीं लौटाए। रुपए नहीं लौटाने पर दोनों पक्षों में कई बार विवाद हुआ। सोमवार सुबह साढ़े 11 बजे ब्रजपाल अपने 16 वर्षीय भांजे के साथ ट्रैक्टर पर दुहाई स्थित खेत पर आया था। इसी दौरान बाइक से विकास भी वहां से गुजरा तो ब्रजपाल को देखकर रुक गया। रुपयों को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। विकास ने ट्रैक्टर की चाबी निकाल ली। इस पर मामला बढ़ गया।

विकास ने बाइक पर रखा फावड़ा उठाकर ब्रजपाल पर वार कर दिया। हाथ में फावड़ा लगने से तैश में आए ब्रजपाल ने फावड़ा छीनकर विकास पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में बृजपाल की मौके पर मौत हो गई, जबकि विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस विकास को तुरंत अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने कहा कि रुपयों के लेनदेन के विवाद में दोनों लोगों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी में दोनों ने एक-दूसरे पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिसमें दोनों की जान चली गई। किसी भी पक्ष की तरफ से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version