ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर पर फिर हुआ हादसा, नीचे गिरे बाइक सवार दो दोस्त, एक की मौत

गाजियाबाद। ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर पर एक बार फिर से हादसा हुआ। बुधवार रात करीब ढाई बजे बाइक सवार दो युवक गिर गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दूसरे की हालत चिंताजनक है। गंभीर रूप से घायल युवक को जीटीबी अस्पताल दिल्ली में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार रात बाइक सवार दो युवक चौधरी मोड़ की तरफ से मोहन नगर की ओर जा रहे थे। इस दरम्यान फ्लाईओवर पर साइड की दीवार से बाइक टकरा गई। टक्कर लगने के बाद बाइक के साथ दोनों युवक नीचे आ गिरे। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि हादसे में प्रियांशु (23) निवासी मोहल्ला कल्लपुरा की मौत हो गई। जबकि तरूण निवासी कालकागढ़ी गंभीर रूप से घायल है। सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने तरूण की हालत खराब देखकर जीटीबी अस्पताल दिल्ली रैफर कर दिया। वहां उसका उपचार चल रहा है।

प्रियांशु के भाई अभय ने बताया कि रात एक बजे वह सोने गए थे, उस समय तक प्रियांशु घर पर ही था। जानकारी मिली की रात को उसके दोस्त का फोन आया था। तब वह बाहर गया। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वह किस काम से बाहर गया था और कौन बाइक चला रहा था।वहीं नगर कोतवाली प्रभारी अमित कुमार खारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हादसा किन कारणों से हुआ है। घायल का उपचार दिल्ली में चल रहा है। प्रियांशु के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

सबसे छोटा था प्रियांशु
प्रियांशु दो बहन और दो भाइयों में सबसे छोटा था। प्रियांशु के भाई अभय ने बताया उनकी दो बड़ी बहन हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। प्रियांशु सबसे छोटा था। रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए उनकी दोनों बहनें आई हुई थीं लेकिन अब यह हादसा होने से दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बता दें कि ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर पर गत30 जून की देर रात भी हादसे में 3 व्यक्तियों की मौत हो गई थी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों के साथ फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे निगम के संविदाकर्मी फ्लाईओवर से गिरकर मौत हुई थी।

Exit mobile version