ट्रोलिंग की शिकार स्वरा भास्कर ने दिल्ली पुलिस को दी शिकायत, दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने दिल्ली पुलिस में दो लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। आरोप है कि दोनों विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनको स्टॉक और उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हैं। दक्षिण पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज पुलिस स्टेशन ने एक्ट्रेस की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है।

अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने यूट्यूबर एल्विस यादव के खिलाफ दिल्ली पुलिस के समक्ष FIR दर्ज करवाते हुए उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एल्विस यादव ने उनकी एक फिल्म के दृश्य को लेकर उनके खिलाफ आपत्तिजनक हैशटैग ट्रेंड कराए। इन पोस्ट्स का मकसद उनकी छवि खराब करना और उन्हें बदनाम करना है।

डीसीपी (साउथ-वेस्ट) गौरव शर्मा ने कहा कि बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने रविवार को शिकायत दर्ज करवाई। साथ ही आरोप लगाया कि एक ट्विटर यूजर और एक यूट्यूब इन्फ्लुएंसर उनके खिलाफ कुछ संदेश और पोस्ट वायरल कर रहे हैं। इस पर आईपीसी की धारा 354डी (पीछा करना), 509 (महिला का अपमान करना) और आईटी एक्ट की धारा 67 (इलेक्ट्रॉनिक रूप में अश्लील सामग्री प्रकाशित करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही जांच की जा रही है।

हाल ही में एक निजी चैनल को दिए गए इंटरव्यू में स्वरा भास्कर ने दावा किया था कि इंटरनेट पर अगर कोई बॉलीवुड हस्ती सबसे ज्यादा घृणा का शिकार होती है तो वो वही हैं। उन्होंने अपने खिलाफ नफरत फैलाए जाने का आरोप लगाते हुए ट्रोलिंग पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि ऑनलाइन हेटर्स उन्हें निशाना बना कर अभियान चलाते हैं। उन्होंने कहा, “ट्रोलर्स चाहते हैं कि मैं सोशल मीडिया पर डर कर रहूँ।”

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें। हमसे ट्विटर पर जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए।

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version