कोरोना देश में:बीते दिन 1.53 लाख नए मरीज मिले, 2.37 लाख ठीक हुए; 3,129 ने जान गंवाई, मौत का यह आंकड़ा पिछले 34 दिनों में सबसे कम

पढ़िये  दैनिक भास्कर की ये खबर

देश में कोरोना की दूसरी लहर का कहर कम होने लगा है। बीते दिन नए मामलों के साथ पहली बार मौत के आंकड़ों में भी कमी देखी गई। देश में रविवार को एक लाख 53 हजार 347 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 2 लाख 37 हजार 568 लोग ठीक भी हुए। इस दौरान 3,129 लोगों की मौत भी हुई। एक दिन में जान गंवाने वालों का यह आंकड़ा पिछले 34 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 27 अप्रैल को 3,286 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई थी।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 1.53 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 2.37 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,129
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.80 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.56 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 3.29 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 20.22 लाख

19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

अपडेट्स

  • योगी सरकार ने रविवार को उत्तर प्रदेश के 75 में से 55 जिलों से लॉकडाउन हटाने का ऐलान किया। यहां अब वीकेंड लॉकडाउन (शनिवार-रविवार) लागू होगा। राजधानी लखनऊ, इलाहाबाद समेत 20 जिलों में कोरोना कर्फ्यू 7 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है। कारण यहां 30 मई तक 600 से ज्यादा एक्टिव केस हैं।
  • महाराष्ट्र में केस कम होने के बावजूद राज्य सरकार ने लॉकडाउन 15 जून तक के लिए बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि हम नहीं कह सकते कि कोरोना की तीसरी लहर कब आएगी, लेकिन हमें अपनी सुरक्षा कम नहीं करनी चाहिए।

प्रमुख राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र

यहां रविवार को 18,600 लोग संक्रमित पाए गए। 22,532 लोग ठीक हुए और 402 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 57.31 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 53.62 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 94,844 लोगों की मौत हो गई। 2.71 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश
यहां रविवार को 1,908 लोग संक्रमित पाए गए। 6,713 लोग ठीक हुए और 140 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.90 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.28 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 20,346 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 41,214 मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली
दिल्ली में रविवार को 946 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 1,803 लोग ठीक हुए और 78 की मौत हो गई। अब तक 14.25 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13.89 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 24,151 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 12,100 का इलाज चल रहा है।

4. छत्तीसगढ़
राज्य में रविवार को 1655 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 4521 लोग ठीक हुए और 37 की मौत हो गई। अब तक 9.69 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.11 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 12,979 लोगों की मौत हो चुकी है। 39,261 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

5. राजस्थान
यहां रविवार को 2,298 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 9,636 लोग ठीक हुए और 66 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 9.38 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.80 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,317 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 49,224 मरीजों का इलाज चल रहा है।

6. गुजरात
राज्य में रविवार को 1,871 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 5,146 लोग ठीक हुए और 25 की मौत हो गई। अब तक 8.07 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.62 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,815 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 35,403 लोगों का इलाज चल रहा है।

7. मध्यप्रदेश
राज्य में रविवार को 1,476 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 5,059 लोग ठीक हुए और 60 की मौत हो गई। अब तक 7.78 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.43 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,019 लोगों की मौत हो चुकी है। 27,256 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

साभार-दैनिक भास्कर

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version