गाजियाबाद में महिला ने दिया तीन बच्चों को जन्म, नवजातों में एक बेटा और दो बेटी

गाजियाबाद। जनपद के महिला अस्पताल में एक महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया है। तीनों का वजन कम है, इसलिए उन्हें नर्सरी में रखा गया है। डॉक्टर लगातार उनकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जच्चा- बच्चा स्वस्थ हैं।

रसूता गायत्री (30) मूल रूप से अमेठी जिले के डीह की रहने वाली है। वह शास्त्रीनगर में पति सरजू प्रसाद के साथ रहती है। महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. संगीता गोयल ने बताया कि गुरुवार दोपहर गायत्री को प्रसव पीड़ा होने लगी तो महिला अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया। डॉ. सुषमा भारती ने जांच के बाद सरजू से बताया कि उनकी पत्नी के गर्भ में जुड़वा बच्चे लग रहे हैं। उन्होंने स्टाफ नर्स रूबीना की देखरेख में सामान्य प्रसव कराया तो तीन बच्चे पैदा हुए।

डॉ. सुषमा भारती ने बताया कि 1800 ग्राम का बेटा, 1850 ग्राम की दूसरी बेटी और 1900 ग्राम की तीसरी बेटी है। तीनों नवजात को चिकित्सकों की निगरानी में सिक नेटल केयर यूनिट (एसएनसीयू) रखा गया है। महिला अस्पताल में पहला प्रसव है, जिसमें प्रसूता ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है। महिला के नौ और छह साल की दो बेटियां पहले से हैं।

Exit mobile version