भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए काम कर रहे पीएम मोदी, ओडिशा सीएम ने की तारीफ

भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष नवीन पटनायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। नवीन पटनायक ने कहा कि वह(पीएम मोदी) भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने मोदी सरकार को 10 में से 8 रेटिंग देते हुए पटनायक ने केंद्र की विदेश नीति और भ्रष्टाचार उन्मूलन के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर में आयोजित ओडिशा साहित्य महोत्सव में एक सत्र में भाग लिया। उन्होंने कहा, मोदी सरकार ने विदेश नीति और कई अन्य मामलों में जो किया है, उसके कारण मैं उन्हें 10 में से 8 रेटिंग देता हूं। इस (भाजपा) सरकार में भ्रष्टाचार भी कम हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति गंदी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि यह लोगों की सेवा के लिए एक महत्वपूर्ण मंच हो सकती है। उन्होंने कहा कि ओडिशा सरकार गरीबी उन्मूलन और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

‘महिला आरक्षण विधेयक बड़ा कदम’
महिला आरक्षण विधेयक पर एक सवाल का जवाब देते हुए पटनायक ने कहा क‍ि मुझे लगता है कि यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण कदम है। मेरी पार्टी ने हमेशा महिला सशक्तीकरण का समर्थन किया है। मेरे पिता (पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक) ने स्थानीय चुनावों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षित की थी और मैंने इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया।

‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का समर्थन
पटनायक ने कहा कि उनकी पार्टी ने 2019 के चुनाव में ओडिशा की 33 प्रतिशत लोकसभा सीट पर महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। बीजद अध्यक्ष ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का समर्थन करते हुए कहा क‍ि हमने हमेशा इसका स्वागत किया है, हम इसके लिए तैयार हैं।

‘केंद्र के साथ हमारे मधुर संबंध’
केंद्र के साथ उनकी सरकार के संबंधों के बारे में पूछे जाने पर पटनायक ने कहा क‍ि केंद्र के साथ हमारे मधुर संबंध हैं। स्वाभाविक रूप से, हम अपने राज्य का विकास चाहते हैं और विकास में केंद्र सरकार की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ओडिशा सरकार गरीबी उन्मूलन और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से काम कर रही है।

Exit mobile version