ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने मोदी को कहा बॉस, भारतीयों से बोले मोदी- आपसे जो वादा किया था वो निभाया

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में पीएम नरेंद्र मोदी का मेगा शो देखने को मिला है। यहां भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करने के दौरान प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने पीएम नरेंद्र मोदी को बॉस कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीयों ने ऑस्ट्रेलिया के विकास में अहम योगदान दिया है और हम उनकी संस्कृति से समृद्ध हुए हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैंने वादा किया था कि अब वह दौर नहीं आएगा, जब भारत का पीएम यहां 28 साल बाद आए। यह बात सही साबित हुई है।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘मैं जब 2014 में आया था, तब मैंने एक वादा किया था। वादा यह था कि आपको किसी प्रधानमंत्री का 28 साल तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। तो लीजिए, यहां सिडनी में, इस एरिना में मैं फिर हाजिर हूं और मैं अकेला नहीं हूं, पीएम अल्बानीज भी मेरे साथ आए हैं। उन्होंने हमारे इस कार्यक्रम के लिए अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकाला है। वह भारतीयों के प्रति आपके प्रेम को दर्शाता है। जो आपने अभी कहा वह दर्शाता है कि ऑस्ट्रेलिया के मन में भारत के प्रति कितना प्रेम है।’

पीएम मोदी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और भारत के रिश्तों को तीन डी तय करते हैं। ये हैं डेमोक्रेसी, डायस्पोरा और दोस्ती। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि दोनों के संबंध तीन ई पर आधारित हैं, ये हैं इकॉनमी, एजुकेशन और एनर्जी। लेकिन भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंधों का विस्तार इससे कहीं बड़ा है। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे संबंधों में गहराई की वजह विश्वास और आपसी सहयोग भी है। उन्होंने कहा कि हिंद महासागर ऑस्ट्रेलिया और भारत को जोड़ता है। भले ही हमारी जीवनशैलियां अलग-अलग हैं, लेकिन योग हमें जोड़ता है। क्रिकेट के जरिए तो हम ना जाने कब से जुड़े हैं। अब फिल्में और टेनिस भी हमें जोड़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह ऑस्ट्रेलिया के लोगों की सहिष्णुता है कि वे हमारी विविधता को स्वीकार करते हैं। वह कहते हैं कि यही वजह है कि कुछ लोगों के लिए पैरामाटा स्क्वायर परमात्मा चौक बन गया है। वहीं हैरिस पार्क कुछ लोगों के लिए हरीश पार्क है। पीएम मोदी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में तो एक लखनऊ भी है। यहां दिल्ली स्ट्रीट, बॉम्बे स्ट्रीट, कश्मीर एवेन्यू जैसी सड़कें आपको भारत से जोड़े रखती हैं। मुझे बताया गया कि ग्रेटर सिडनी में इंडिया परेड भी शुरू होने जा रही है। उन्होंने कहा कि मुझे यह जानकर अच्छा लगा कि आप लोगों ने यहां आजादी का अमृत महोत्सव भी धूमधाम से मनाया है।

पीएम मोदी ने कहा कि ‘भारत ऑस्ट्रेलिया के संबंधों का आधार इन सबसे बड़ा है। इन संबंधों का आधार क्या है जानते हैं। सबसे बड़ा आधार है- म्यूचुअल ट्रस्ट और म्यूचुअल रिस्पेक्ट। यह सिर्फ ऑस्ट्रेलिया-भारत के राजनयिक रिश्तों से विकसित नहीं हुआ है। इसकी असली वजह और ताकत है- आप ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले हर एक भारतीय। आप उसकी असली ताकत हैं। ऑस्ट्रेलिया के ढाई करोड़ से ज्यादा सिटीजन। हमारे बीच भौगोलिक दूरी जरूर है। लेकिन हिंद महासागर हमें आपस में जोड़ता है। हमारी जीवनशैलियां भले ही अलग हों, लेकिन अब योगा भी हमें जोड़ता है। क्रिकेट से तो न जाने हम कबसे जुड़े हैं, लेकिन अब टेनिस और फिल्में भी हमें जोड़ रही हैं। हमारे यहां खाना बनाने का तरीका भले ही अलग-अलग है। लेकिन अब मास्टरशेफ हमें जोड़ता है। हमारे यहां पर्व-त्योहार भले ही अलग हैं, लेकिन हम जुड़े हैं दिवाली की रौनक से, बैसाखी के जश्न से। हमारे यहां भाषाएं भले ही अलग बोली जाती हों, लेकिन हम जुड़े हैं, मलयालम, तमिल, तेलुगु, पंजाबी और हिंदी और भाषाएं पढ़ाने वाले इतने सारे स्कूलों से।’

पीएम मोदी ने शेन वार्न को किया याद
इस दौरान पीएम मोदी ने क्रिकेटर शेन वार्न को भी याद किया। पीएम ने कहा- पिछले साल जब महान क्रिकेटर शेन वार्न का निधन हुआ तो ऑस्ट्रेलिया के साथ कोटि-कोटि भारतीयों ने भी शोक मनाया। ये ऐसा था जैसे हमने अपना कोई खो दिया। आप सभी का एक सपना रहा है कि हमारा भारत भी विकसित राष्ट्र बने। जो सपना आपके दिल में है वो सपना मेरे दिल में भी है।

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को बताया बॉस
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज ने सिडनी में सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी को बॉस बताया। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा, ”आखिरी बार मैंने इस मंच पर ब्रूस स्प्रिंगस्टीन देखा था और उनका स्वागत पीएम मोदी की तरह नहीं किया गया था, जो सम्मान उनको मिला है। प्रधानमंत्री मोदी बॉस हैं।”

Exit mobile version