पुतिन बोले: मोदी को डराने-धमकाने की कल्पना नहीं की जा सकती

File Photo

मास्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। कहा कि भारत या भारतीय लोगों के हितों के खिलाफ कार्रवाई या निर्णय लेने के लिए मोदी को डराने, धमकाने मजबूर करने की मैं कल्पना भी नहीं कर सकता।

पुतिन ने कहा, मैं बाहर से सिर्फ यह देखता हूं कि क्या हो रहा है। ईमानदारी से कहूं, तो मैं कभी-कभी भारतीय लोगों के राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा पर मोदी के सख्त रुख से आश्चर्यचकित भी होता हूं। रशिया कॉलिंग फोरम कार्यक्रम में सवालों के जवाब देते हुए पुतिन ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा, मैं कहना चाहता हूं कि रूस व भारत के रिश्ते सभी दिशाओं में विकसित हो रहे हैं। खास बात यह है कि इसकी मुख्य गारंटी पीएम मोदी की नीति ही है। पीएम मोदी भारत के हित में लगातार फैसले ले रहे हैं।

पहले भी बताया था बुद्धिमान
पुतिन ने इसी वर्ष 4 अक्तूबर को पूर्वी आर्थिक फोरम के 8वें सम्मेलन में मोदी और मेड इन इंडिया के प्रति उनके आग्रह की जमकर तारीफ की थी। उन्होंने कहा था, नरेंद्र मोदी एक बहुत बुद्धिमान व्यक्ति हैं। उनके नेतृत्व में भारत विकास के मामले में काफी प्रगति कर रहा है। उनके इस एजेंडे पर काम करना भारत और रूस दोनों के हित से पूरी तरह मेल खाता है।

चुनाव में हैं कई चुनौतियां
रूस में नए राष्ट्रपति के लिए अगले साल 17 मार्च को चुनाव होगा। माना जा रहा है कि पुतिन पांचवीं बार चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, पुतिन के सामने विपक्ष बेहद कमजोर है। लेकिन, रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच उन्हें चुनाव में नई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

Exit mobile version