जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी, एक ही परिवार के छह लोगों की हत्या, दो की हालत गंभीर

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना में जमीनी विवाद में छह लोगों की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है जबकि दो लोग गंभीर हैं। सभी एक ही परिवार के हैं। घटना के बाद गांव में तनाव के हालात हैं। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

घटना मुरैना के सिहोनिया थाना इलाके की है। लेपा गांव के धीर सिंह तोमर और गजेंद्र सिंह तोमर के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पुरानी रंजिश में धीर सिंह ने गजेंद्र सिंह के परिवार के छह लोगों को गोली मारी, जिनमें तीन महिला और तीन पुरुषों को गोली लगी। गोली लगने से तीन पुरुष और दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।हत्या का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल है। इस वीडियो में एक युवक सारेआम गोलियां चलाता दिख रहा है। वीडियो के अनुसार, पहले एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष वालों को लाठी-डंडे से पीट रहे हैं। थोड़ी देर बाद दूसरे पक्ष के लोग बंदूक लेकर आते हैं और फायरिंग करने लगते हैं। जिसके बाद 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी जाती है। वायरल वीडियो में आवाज आ रहा है कि मोड़ा-मोड़ी (लड़का-लड़की) सभी अंदर चले जाओ। इसके बाद धांय-धांय फायरिंग की आवाज आती है। हाफ पैंट पहने एक युवक आता है और फायरिंग शुरू कर देता है। युवक करीब 5 से 6 राउंड गोली चलाता है।

इन लोगों की हुई मौत
फायरिंग में लेस कुमारी पत्नी वीरेंद सिंह, बबली पत्नी नरेंद्र सिंह तोमर, मधु कुमारी पत्नी सुनील तोमर, गजेंद्र सिंह पुत्र बदलू सिंह, सत्यप्रकाश व संजू पुत्र गजेंद्र सिंह है। घायलों में विनोद सिंह पुत्र सुरेश सिंह तोमर और वीरेंद्र पुत्र गजेंद्र सिंह हैं।

2013 से जारी है दोनों परिवारों में विवाद
बताया जा रहा है कि 10 साल पहले 2013 में धीर सिंह तोमर और गजेंद्र सिंह तोमर के परिवार के बीच विवाद हुआ था, इस दौरान धीर सिंह के परिवार के दो लोगों की मौत हो गई थी। हत्या का आरोप गजेंद्र सिंह के परिवार पर लगा था। जिसके बाद कोर्ट में केस चला और फिर बाद में दोनों परिवारों ने सामाजिक तौर पर समझौता कर लिया था। सुलह होने के बाद गजेंद्र सिंह का परिवार लेपा गांव में फिर से रहने के लिए पहुंचा था।

Exit mobile version