बांदा में बारात से लौट रही स्कॉर्पियो और बोलेरो की टक्कर, 5 लोगों की मौत

बांदा। उत्‍तर प्रदेश के बांदा में गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बारात से वापस लौट रही स्कॉर्पियो और बोलेरो आपस में टकरा गई। घटनास्थल पर ही पांच बारातियों की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन घायल हो गए हैं। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घटना तिंदवारी थाना क्षेत्र के पपरेंदा रोड की है। चित्रकूट के राजापुर से शादी समारोह में शामिल होकर कुछ लोग वापस लौट रहे थे। इस दौरान पपरेंदा रोड पर बने गोदाम के पास गाडियों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे के मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गयी जबकि करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक यह हादसा ओवरटेक करने के दौरान हुआ। पीछे से आ रही बोलरो ने स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक कर रही थी। इसी बीच दोनों गाड़ियां आपस में टकरा गई और खंती में जा गिरी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी।जानकारी मिलते ही दोनों घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया।

शराब के नशे में थे लोग
एसपी बांदा अभिनंदन ने बताया कि दोनों वाहनों में कुल मिलाकर 11 व्यक्ति सवार थे और सभी अत्यधिक शराब के नशे में थे। गाड़ियों में शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। ड्राइवरों के नशे में होने के कारण यह हादसा हुआ है। ओवरटेक करने के चक्‍कर में वाहन सामने पेड़ से टकरा गए जिसमें 5 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए।

Exit mobile version