डेढ़ महीने बंद रहेगा आश्रम फ्लाइओवर, जानें इसकी वजह और वैकल्पिक मार्ग

File Photo

नई दिल्‍ली। आश्रम फ्लाइओवर से गुजरने वाले दिल्‍ली, नोएडा और गाजियाबाद के लोगों की परेशानी बढ़ने वाली है। उन्‍हें कम से कम डेढ़ महीने तक इधर भारी जाम से दो-चार होना पड़ेगा। फ्लाइओवर को 25 दिसंबर से बंद किया जा रहा है। यहां बन रहे नए फ्लाइओवर काे इससे जोड़ने के लिए इसे बंद किया जा रहा है। यह हिस्सा जुड़ जाने से रिंग रोड पर बन रहा 1400 मीटर लंबा छह लेन का फ्लाइओवर पूरा हो जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, दिल्‍ली ट्रैफिक पुलिस ने अस्‍थायी रूप से फ्लाइओवर बंद करने की इजाजत दे दी है। 25 दिसंबर के बाद कभी भी काम शुरू हो सकता है। एक्‍सटेंशन पूरा होने में फरवरी 2023 के दूसरे हफ्ते तक का वक्‍त लग सकता है। पुलिस ने PWD को काम पूरा करने के लिए 45 दिन का समय दिया है। आश्रम फ्लाइओवर को बंद किए जाने जाने से रिंग रोड पर यातायात का दबाव बढ़ेगा। इससे मथुरा रोड, डीएनडी व बारापुला पर भी लोगों को जाम का सामना करना पड़ेगा। इस डेढ़ माह के दौरान लोगों को जाम से बचाना यातायात पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी। डीसीपी ट्रैफिक सौरभ चंद्रा ने बताया कि इस समस्या से निपटने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

डायवर्जन के लिए इस मार्ग पर कोई अन्य विकल्प नहीं है। इसलिए पीडब्ल्यूडी से कहा गया है कि दोनों ओर की सड़कों को चौड़ा कर दिया जाए ताकि यातायात का दबाव कुछ कम हो सके। हालांकि इस मार्ग केलोग जब कालिंदी कुंज का रास्ता अपनाएंगे तो उस मार्ग पर भी यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका है।

वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह
लोगों को जाम से बचाने के लिए यातायात ने इस दौरान वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। अपनी एडवाइजरी में यातायात पुलिस ने कहा है कि अनिवार्य होने पर ही इस मार्ग से आएं। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को फिलहाल आश्रम चौक होते हुए आने-जाने से बचना चाहिए। लोग मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल कर जाम की समस्या से थोड़ी राहत पा सकते हैं।

प्रोजेक्‍ट पूरा होने पर 9KM लंबा स्‍ट्रेच होगा सिग्‍नल-फ्री
128.25 करोड़ रुपये के प्रोजेक्‍ट में 1.42 किलोमीटर लंबा छह लेन का फ्लाइओवर बन रहा है। यह आश्रम ओवरपास को DND से जोड़ेगा। एक बार यह प्रोजेक्‍ट पूरा होने पर मूलचंद फ्लाइओवर से नोएडा के रजनीगंधा चौक तक 9 किलोमीटर लंबा स्‍ट्रेच सिग्‍नल-फ्री हो जाएगा। एक्‍सटेंडेड फ्लाइओवर बनने के बाद किलोकरी से बस 100 मीटर दूर यू-टर्न लेकर रोड क्रॉस कर पाएंगे। महारानी बाग और साउथ दिल्‍ली जाना आसान होगा। नोएडा, आईटीओ और गाजियाबाद जाने के लिए यू-टर्न की खातिर महारानी बाग से सराय काले खां के बीच एक किलोमीटर की दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

Exit mobile version