पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या

मनसा। कांग्रेस नेता और पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की आज मनसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग में तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पंजाब की भगवंत मान सरकार ने शनिवार को ही सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा को हटाया था।

शुभदीप सिंह सिद्धू एक पंजाबी गायक के रूप में सिद्धू मूसेवाला नाम से लोकप्रिय थे, यह हमला उस समय हुआ जब मूसेवाला और उनके दोस्त पंजाब में अपने गांव मानसा जा रहे थे। मूसेवाला खुद थार गाड़ी ड्राइव कर रहे थे। मूसेवाला की थार पर गोलियों की बौछार की गई। कार में उनका खून बहता हुआ दिखाई दिया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फायरिंग में घायल हुए तीन लोगों को मानसा अस्पताल में भर्ती किया गया है।

यह घटना पंजाब सरकार द्वारा मूसेवाला सहित 424 लोगों की सुरक्षा वापस लेने के ठीक एक दिन बाद हुई। मूसेवाला पिछले साल नवंबर में कांग्रेस में शामिल हुए थे। मूसेवाला ने मानसा से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। उन्हें आम आदमी पार्टी के डॉ विजय सिंगला ने हराया था। सिंगला मान सरकार में मंत्री थे जिन्हें हाल ही में भ्रष्टचार के आरोप में हटा दिया गया है।

मूसेवाला अपने गानों के लिए काफी चर्चित रहे हैं। अपने गानोंं में हथियारों का जिक्र करने के कारण वह हमेशा विवादों में फंसे रहे। युवा वर्ग में अपने संगीत के कारण वह लोकप्रिय रहे हैं। अपने गाने ‘संजू’ में भी मूसेवाला पर हिंसा और गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप लगे थे। इस मामले में मूसेवाला के खिलाफ एफआइआर भी दर्ज की गई थी। मामला पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट तक पहुंचा।

इससे पहले अप्रैल में पंजाब सरकार ने पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों, अन्य नेताओं सहित 184 लोगों की सुरक्षा वापस लेने का आदेश दिया था। गौरतलब है कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कैप्टन अमरिंदर सिंह के बेटे रणिंदर सिंह और कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह बाजवा की पत्नी के परिवार की सुरक्षा पिछले महीने वापस ले ली गई थी।

Exit mobile version