खरगोन दंगा: शिवराज बोले- जिनके घर जले, उनके घर सरकार बनाएगी

भोपाल। मप्र के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खरगोन दंगे में जिन लोगों के घर जले हैं उनके घर सरकार बनाएगी। जिन्होंने घर जलाए हैं उनसे ही वसूली की जाएगी। किसी भी जात पात धर्म के लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को यहां मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में डा. आंबेडकर जयंती पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों से हनुमान जन्मोत्सव, गुड फ्राइडे, ईद जैसे त्योहार प्रेम व भाईचारे से मनाने की अपील की और कहा कि किसी भी जात, पात, धर्म के लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। भाजपा की सरकार सभी को सम्मान और सुरक्षा देगी। उन्होंने कहा कि खरगोन में गरीबों के घर जल गए उनके घर सरकार बनाएगी। जिन्होंने घर जलाए हैं उनसे ही वसूली की जाएगी।

शिवराज ने कहा कि जिन्होंने घर जलाए, उन पर कार्रवाई हो रही है तो दिग्विजय सिंह को दर्द होता है। वे झूठे फोटो पोस्ट कर रहे हैं। वे प्रदेश में आग लगाना चाहते हैं। लोगों को भड़का कर शांति भंग करना चाहते हैं।

आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी द्वारा खरगोन दंगे के बाद की जा रही कार्रवाई को लेकर सरकार पर टिप्पणी करने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे वहीं से चिल्ला रहे हैं। मध्य प्रदेश में ये हो रहा है, आकर तो देख भैया। ये मेरा मध्य प्रदेश है, यहां सब सुरक्षित हैं। किसी जाति और धर्म के हों, गड़बड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

खरगोन व करोली की घटना संयोग नहीं, प्रयोग है : गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के खंडवा में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रामनवमी पर खरगोन और राजस्थान के करोली में जो हुआ, वह संयोग नहीं, बल्कि प्रयोग है देश में दहशत के वातावरण को फैलाने का। कुछ लोग देश के माहौल को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। गोरखपुर में मंदिरों पर मुर्तुजा हमला करे तो यह संयोग नहीं, प्रयोग है। कुछ लोग जिन्ना के रास्ते पर चल रहे हैं। वे कहते हैं कि इस गली में क्यों गए? 1947 में देश का बंटवारा हुआ। धर्म बड़ा आधार था। हम पाकिस्तान में तो रामनवमी का जुलूस लेकर नहीं जा रहे थे। हिंदू और मुसलमानों की गली अलग कैसे हो गई। ये सब टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग हैं, जो कर रहे हैं।

Exit mobile version