नई गाइडलाइन जारी, हज यात्रा पर नहीं जा सकेंगे 65 साल से ज्यादा उम्र के लोग

सऊदी अरब सरकार ने 2022 में होने वाली हज यात्रा को कुछ नियमों के साथ मंजूरी दे दी है। इस साल कोरोना के प्रतिबंधों में ढील देते हुए यात्रियों की संख्या में भी इजाफा किया है। हालांकि इस बार हज यात्रा की इच्छा रखने वाले 65 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को सऊदी सरकार ने निराश किया, वे लोग इस बार आवेदन नहीं कर सकते हैं।

सऊदी अरब सरकार की ओर से हज के लिए नई गाइडलाइन जारी होने के बाद हज कमेटी ऑफ इंडिया ने सर्कुलर जारी किया है। इसके मुताबिक 20 अप्रैल 2022 तक अधिकतम 65 वर्ष की उम्र पूरी कर रहे आवेदक ही हज यात्रा पर जा सकेंगे। नई गाइडलाइन के मुताबिक आवेदक की कोविड की आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव होने पर ही वह हज यात्रा पर जा सकेगा। यह रिपोर्ट रवानगी से 72 घंटा पहले की ही मान्य होगी।

2019 बाद होगी हज यात्रा
2019 के बाद कोरोना महामारी के चलते सऊदी सरकार ने 2020 और 2021 में विदेशी लोगों के हज यात्रा में शामिल होने पर रोक लगा दी थी। इन दो वर्षों के दौरान केवल सऊदी अरब के स्थानीय नागरिक ही हज यात्रा कर सकते थे।

2020 में कुल 1000 लोगों ने और 2021 में 58,745 लोगों को हज यात्रा करने की मंजूरी दी गई जबकि 2019 में दुनिया भर से करीब 25 लाख लोगों ने हज यात्रा की थी। मुस्लिमों के लिए हज यात्रा को इस्लाम में काफी जरुरी माना गया है। एक मुस्लिम को अपने जीवन में कम एक बार हज यात्रा जरुर करनी होती है।

Exit mobile version