छठ पूजा पर प्रतिबन्ध: केजरीवाल के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, मनोज तिवारी घायल

दिल्ली। सार्वजनिक स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन पर रोक के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगवलार को मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया। दिल्ली सरकार की ओर से लगाई गई पाबंदी के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के नेता मनोज तिवारी घायल हो गए। मनोज तिवारी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।

कोरोना संक्रमण का हवाला देकर दिल्ली में सार्वजनिक स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन पर रोक लगा दी गई है। भाजपा और छठ पूजा आयोजन समितियां इस फैसले का विरोध कर रही हैं। तिवारी इसे लेकर पूरी दिल्ली में छठ रथयात्रा निकाल रहे हैं। मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया।

दोपहर के समय प्रदर्शनकारी चंदगी राम अखाड़े पर एकत्र हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़ने लगे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड लगा रखे थें। प्रदर्शनकारी उसे तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस को पानी की बौछार का इस्तेमाल करना पड़ा जिससे मनोज तिवारी व कई अन्य कार्यकर्ता गिर गए, जिससे उन्हें चोट आई है। उन सभी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। उससे पहले उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के लोगों की भावनाओं को आहत करने के लिए छठ पूजा पर प्रतिबंध लगाया गया है। हरहाल में पूजा का आयोजन किया जाएगा।

छठ पर प्रतिबंध की भाजपा ने की निंदा
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने लाखों पूर्वांचलियों द्वारा मनाए जाने वाले छठ त्योहार पर प्रतिबंध के लिए केजरीवाल सरकार की निंदा की है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने कोरोना के चलते 30 सितंबर को अपने आदेश में नदी किनारे और सार्वजनकि स्थानों पर छठ मनाने पर रोक लगा दी थी।

धूमधाम से मनाया जाएगा छठ, नगर निगम करेंगे व्यवस्था
आदेश गुप्ता ने कहा कि छठ धूमधाम से मनाया जाएगा और भाजपा शासित नगर निगम इसकी व्यवस्था करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने केजरीवाल सरकार से त्योहार पर से प्रतिबंध हटाने के लिए डीडीएमए को एक प्रस्ताव भेजने की मांग की। इससे पहले केजरीवाल ने कहा था कि सार्वजनिक स्थानों पर छठ पर रोक लगाने का फैसला लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए लिया गया है। 

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें। हमसे ट्विटर पर जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए।

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version