UP: अब इस शहर का नाम बदलने जा रही है योगी सरकार‚ 1566 में अकबर ने रखा था ये नाम

पढ़िये आँखोंदेखी लाइव की ये खास खबर….

Firozabad name change: उत्तर प्रदेश में अब तक कई जिलों का नाम बदल चुकी योगी सरकार एक बार फिर राज्य के एक और जनपद का नाम बदलने जा रही है। योगी सरकार ने इस बार फिरोजाबाद जनपद का नाम बदलने का फैसला किया है। इसके लिए फिरोजाबाद जिला पंचायत में प्रस्ताव पास कर दिया है। जिसे जल्द ही शासन के पास भेजा जाएगा। अगर शासन भी इस पर अपनी मुहर लगा देता है तो जल्द ही फिरोजाबाद को चंद्र नगर के नाम से जाना जाएगा।

शनिवार को जिला पंचायत कार्यालय सभागार में हुई बोर्ड बैठक के दौरान इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी गई है। बताया जा रहा है कि फिरोजाबाद का नाम बदलकर चंद्रनगर रखने पर मुहर लग चुकी है। जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान यह प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित कर दिया गया है।

जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2021-22 की कार्य योजनाओं पर भी विचार विमर्श किया गया। सभी सदस्यों से अपने अपने क्षेत्र के विकास कार्यों के प्रस्ताव बोर्ड को उपलब्ध कराए जाने के लिए कहा गया। बोर्ड बैठक में ही ब्लाक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव ने फिरोजाबाद शहर का नाम चंद्रनगर रखने का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद का नाम पहले चंद्र नगर ही था। जिसे 1566 में अकबर ने बदलकर फिरोजाबाद कर दिया था। इसलिए दोबारा से अब इसको चंद्रनगर ही किया जाएगा।

अकबर ने इसलिए किया बदला था जनपद का नाम

इतिहासकार बताते हैं कि फिरोजाबाद का पूर्व नाम चंदवाड़ था। साल 1566 ईस्वी में मुगल बादशाह अकबर ने मनसबदार फिरोज शाह के चंदवाड़ आने पर इसका नाम बदलकर फिरोजाबाद कर दिया था। यह भी बताया जाता है कि राजा टोडरमल जब तीर्थयात्रा को गए थे, तब उनकी गैरमौजूदगी में शहर को लूट लिया गया था। राजा टोडरमल के अनुरोध पर अकबर ने अपने कारिंदे फिरोज शाह को यहां भेजा, जिसके बाद से इस शहर को फिरोजाबाद के नाम से जाना जाने लगा। यहां नगर निगम के सामने फिरोज शाह का मकबरा भी मौजूद है। साभार-आँखोंदेखी लाइव

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version